जखनिया (गाजीपुर) : राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का भव्य समापन, छात्राओं में सेवा और राष्ट्रभक्ति का संचार

राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का भव्य समापन, छात्राओं में सेवा और राष्ट्रभक्ति का संचार

जखनिया (गाजीपुर)। विकासखंड जखनिया क्षेत्र अंतर्गत फूलपुर स्थित सुखदेव किसान महाविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन मंगलवार को भव्य और प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कन्या महाविद्यालय हथियाराम के प्रधानाचार्य रत्नाकर जी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्रबंधक भुल्लन सिंह ने मुख्य अतिथि को माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। NSS में प्रतिभाग कर रही छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया।
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में रणजीत सिंह, अंकुर सिंह, अश्वनी सिंह, संजय सिंह एवं डॉ. सुरेंद्र सिंह की गरिमा मयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों को महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में जखनिया की जन ग्रामीण विकास योजना से जुड़ी खुशी गुप्ता, संगीता एवं अंकित मौर्य की भी विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य वक्ताओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को सेवा, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि रत्नाकर जी ने अपने संबोधन में कहा कि “राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे शिविरों से छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का विकास होता है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनता है।”वहीं महाविद्यालय के प्रबंधक भुल्लन सिंह ने कहा कि “NSS जैसे कार्यक्रम छात्रों को समाज से जोड़ने का कार्य करते हैं। इस शिविर में छात्राओं ने अनुशासन, समर्पण और सेवा का जो परिचय दिया है, वह अत्यंत सराहनीय है। हमें विश्वास है कि ये छात्राएं भविष्य में समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।”कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक श्री सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावकों की उपस्थिति सराहनीय रही।



