जखनिया (गाजीपुर) : जखनिया स्टेशन के विकास व मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग संसद में उठी

जखनिया स्टेशन के विकास व मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग संसद में उठी

जखनिया (गाजीपुर)। जखनिया क्षेत्र एवं रेलवे स्टेशन के समग्र विकास को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और जनता की आवाज एक बार फिर संसद तक पहुंची है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा द्वारा लगातार उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों के क्रम में गाजीपुर की सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने संसद पटल पर जखनिया रेलवे स्टेशन के विकास तथा मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को प्रमुखता से रखा।सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश के जनपद गाजीपुर स्थित पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर-भटनी रेल मार्ग पर अवस्थित जखनिया रेलवे स्टेशन क्षेत्रीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह क्षेत्र परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद एवं महावीर चक्र विजेता शहीद रामउग्रह पांडेय की वीरभूमि है। साथ ही यहां 500 वर्ष पुराना ऐतिहासिक भुड़कुड़ा मठ एवं प्रसिद्ध सिद्ध पीठ हथियाराम मठ स्थित है, जहां देशभर से श्रद्धालुओं का आवागमन होता रहता है।उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस क्षेत्र में आते रहते हैं, जिससे इसकी महत्ता और बढ़ जाती है।सांसद ने जखनिया क्षेत्र की जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 22539/22540 मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस तथा 19489/19490 गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस के जखनिया स्टेशन पर ठहराव की मांग की। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्टेशन पर निर्माण कार्य के दौरान हटाए गए प्लेटफॉर्म के पुनर्निर्माण, प्लेटफॉर्म पर पीपी शेल्टर की संख्या बढ़ाने, सुलभ शौचालय युक्त यात्री प्रतीक्षालय के निर्माण, कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाने तथा उत्तर केबिन के पास रेलवे अंडरपास निर्माण की भी मांग की।साथ ही रेलवे की जर्जर सड़कों के नवनिर्माण एवं क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या के स्थायी समाधान पर भी जोर दिया गया।सांसद द्वारा उठाई गई इन मांगों से जखनिया क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर है। लोगों ने इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि जखनिया रेलवे स्टेशन का शीघ्र ही विकास होगा तथा यहां मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव भी सुनिश्चित किया जाएगा।



