जखनिया/गाजीपुर : जखनिया स्टेशन पर मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव व सुंदरीकरण की उठी मांग

जखनिया स्टेशन पर मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव व सुंदरीकरण की उठी मांग
जखनिया/गाजीपुर।जखनिया क्षेत्र के व्यापारी बंधुओं एवं आम जनता द्वारा विगत कई वर्षों से जखनिया (JKN) रेलवे स्टेशन पर प्रमुख मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव तथा स्टेशन के सुंदरीकरण की मांग की जा रही है। इस संबंध में क्षेत्रीय सांसदों, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के महाप्रबंधक एवं वाराणसी मंडल प्रबंधक को कई बार पत्रक भेजे जा चुके हैं।भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने बताया कि जखनिया स्टेशन पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के अंतर्गत वाराणसी–भटनी रेल खंड पर स्थित एक महत्वपूर्ण एवं कमाऊ स्टेशन है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की लाइफलाइन रेल है तथा यह इलाका धार्मिक एवं शैक्षणिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। क्षेत्र में 500 वर्ष पुराना ऐतिहासिक भुड़कुड़ा मठ एवं सुप्रसिद्ध हथियाराम मठ स्थित हैं, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं का आगमन होता रहता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी यहां दर्शन-पूजन के लिए आ चुके हैं।वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग रोजगार एवं व्यापार के लिए लखनऊ, कानपुर, दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद जैसे महानगरों में नियमित आवागमन करते हैं, लेकिन जखनिया स्टेशन पर प्रमुख मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव न होने तथा बुनियादी सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने मांग की कि 22539/22540 मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस, 19489/19490 गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस, 01025/01026 व 01027/01028 दादर सेंट्रल स्पेशल, 15003/15004 चौरी-चौरा एक्सप्रेस, 06529/06530 गोमतीनगर-बेंगलुरु स्पेशल तथा 18201/18202 नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों का जखनिया स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए।प्रमोद वर्मा ने बताया कि स्टेशन पर पीपी शेल्टर नाम मात्र का है, जिससे गर्मी और बरसात में यात्रियों को परेशानी होती है। स्टेशन पर पूर्व में तीन प्लेटफार्म थे, किंतु निर्माण कार्य के दौरान प्लेटफार्म संख्या दो को तोड़ दिया गया, जिसका पुनः निर्माण कर प्लेटफार्म की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही जखनिया स्टेशन को अमृत स्टेशन योजना में शामिल कर नवनिर्माण एवं सर्कुलर एरिया को सुव्यवस्थित करने की मांग की गई।उन्होंने कहा कि रेलवे की वह सड़क जो दोनों रेल फाटकों को जोड़ती है तथा मुख्य मार्ग से स्टेशन को जोड़ती है, जगह-जगह क्षतिग्रस्त है, जिसका शीघ्र नवनिर्माण कराया जाना आवश्यक है। इसके अलावा रेलवे फाटक संख्या 17 एवं 18 पर ओवरब्रिज या अंडरपास बनाए जाने की मांग की गई, ताकि जाम और भीड़ की समस्या से निजात मिल सके।उन्होंने बताया कि वाराणसी-मऊ रूट पर यात्रियों की संख्या अत्यधिक है, इसलिए इस मार्ग पर सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक दो जोड़ी शटल ट्रेन चलाए जाने की भी मांग की गई है।प्रमोद वर्मा ने कहा कि इन सभी मांगों को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के महाप्रबंधक तथा गाजीपुर की राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत को पत्र भेजा जा चुका है। साथ ही ट्विटर के माध्यम से भी जखनिया स्टेशन की सुविधाएं बढ़ाने की मांग कर रेल विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया गया है।



