Breaking Newsभारत

जखनियां (गाजीपुर) : लगातार आगजनी से जखनियां क्षेत्र में किसानों की बढ़ी चिंता, दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

लगातार आगजनी से जखनियां क्षेत्र में किसानों की बढ़ी चिंता, दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

तीन दिनों में कई गांवों में लगी आग, फायर ब्रिगेड व्यवस्था न होने पर ग्रामीणों में नाराजगी

जखनियां (गाजीपुर), 09 अप्रैल 2026।जखनियां क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तालगांव मोलनापुर, हुसनपुर, रामपुर और बघाई गांवों के बाद अब कनूवान गांव में भी आग लगने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11:10 बजे कनूवान गांव निवासी संजय सिंह उर्फ दादा एवं अकबर अली के गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लगभग दो बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। वहीं, खेत में पड़े कटी फसल के डंठलों में भी आग तेजी से फैल गई, जिससे नुकसान और बढ़ गया।किसान संजय पुत्र ध्रुपद सिंह ने बताया कि सुबह लगभग 11:05 बजे अचानक उनके खेत में आग लगी और कुछ ही समय में लपटें तेज हो गईं। आग पास के खेत तक पहुंच गई, जिससे अकबर अली की फसल का भी कुछ हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता और सूझबूझ से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया, जिससे संभावित बड़ा नुकसान टल गया।

अकबर अली ने बताया कि यदि समय रहते ग्रामीण एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास नहीं करते, तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।वहीं, लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तहसील मुख्यालय पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी उपलब्ध न होने के कारण समय पर मदद नहीं मिल पाती, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जखनियां क्षेत्र में स्थायी रूप से फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की जाए और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं पर काबू पाया जा सके और किसानों की फसल को बचाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button