जखनियां (गाजीपुर) : जखनियां में मेधावियों का भव्य सम्मान: साइकिल, मेडल व स्कूटी की घोषणा से गूंजा परिसर

जखनियां में मेधावियों का भव्य सम्मान: साइकिल, मेडल व स्कूटी की घोषणा से गूंजा परिसर
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह शिक्षा के उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी, भानु प्रताप सिंह
प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्राओं की बढ़ती भागीदारी सराहनीय, छात्र भी आगे बढ़कर नाम करे रोशन, अतुल कुमार उपजिलाधिकारी

जखनियां (गाजीपुर)। जखनियां तहसील अंतर्गत अग्रणी शिक्षण संस्थान स्वर्गीय रामनगीना सिंह इंटर कॉलेज एवं स्वर्गीय माता तेतरा देवी सच्चिदानंद सिंह पीजी कॉलेज में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं व स्कूल टॉपर्स को साइकिल, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, द सन साइन सेकेण्डरी स्कुल के प्रबंधक विपिन सिंह एवं उप जिलाधिकारी अतुल कुमार द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर अटल कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों तथा अभिभावकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में भानु प्रताप सिंह ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह शिक्षा के उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देते हैं।
मैनेजिंग डायरेक्टर अटल कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनकी सोच हमेशा से स्पष्ट रही है कि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण पढ़ाई से वंचित न रहे। उन्होंने घोषणा की कि 15 अप्रैल तक कक्षा 9 एवं 11 में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को यूनिफॉर्म एवं पुस्तकें निशुल्क दी जाएंगी। साथ ही संस्थान के टॉपर छात्र-छात्राओं को स्कूटी देकर सम्मानित किया जाएगा।उप जिलाधिकारी अतुल कुमार ने कहा कि आज शिक्षा और सेवाओं में लड़कियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्राओं की बढ़ती भागीदारी सराहनीय है, वहीं छात्रों को भी पूरी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति ललक बढ़ाते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त करते हैं।सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य विनोद सिंह ने अपने शायरी अंदाज से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया और छात्रों को प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी आगे निकल चुके हैं, वे और बेहतर करें तथा जो पीछे हैं, वे और मेहनत कर सफलता हासिल करें। उन्होंने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के योगदान की भी सराहना की।
वरिष्ठ शिक्षक कैलाश वर्मा ने शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य और नवाचार पर जोर देते हुए न्यूटन, जेम्स वाट और एडिसन जैसे महान वैज्ञानिकों का उदाहरण दिया और कहा कि केवल अंक नहीं, बल्कि सही दिशा में ज्ञान अर्जन आवश्यक है।भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर ने कहा कि समाज के कई गरीब परिवारों के बच्चे साइकिल जैसी बुनियादी सुविधा से भी वंचित रहते हैं, ऐसे में यह पहल उनके लिए अत्यंत लाभकारी है।
कार्यक्रम में ओम जी एजुकेशनल ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार सिंह, विजय बहादुर सिंह, दयाशंकर सिंह, जिला उपाध्यक्ष राजेश सोनकर, सुधाकर कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष धर्मवीर भारद्वाज, उमाशंकर यादव, रामाधार गुप्ता, मुन्ना सिंह, प्रदीप सिंह, राणा प्रताप सिंह, अजीत सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलानंद सिंह, आशु सिंह, मनोज यादव, श्रवण सिंह, भूलन सिंह, दुर्गा प्रसाद, अरविंद यादव, राधेश्याम भारद्वाज, श्रीमती सुनीता सिंह, सपना पांडे, प्रमोद यादव, भोलानाथ यादव, अखिलेश यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के संस्थापक सच्चिदानंद सिंह ने की तथा संचालन अध्यापक विजेंद्र कुशवाहा ने किया। अंत में मैनेजिंग डायरेक्टर अटल कुमार सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन न केवल मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान रहा, बल्कि पूरे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और जागरूकता का संदेश देने वाला साबित हुआ।



