छत्तीसगढ़ : विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न
ग्राम स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन से साकार होगा विकसित भारत का संकल्प- मंत्री श्री नेताम
शैलेंद्र कुमार द्विवेदी
इंडिया नाऊ २४
छत्तीसगढ़
बलरामपुर, 13 फरवरी 2026/
प्रदेश के आदिमजाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन एवं पशुधन विकास विभाग मंत्री रामविचार नेताम के उपस्थिति में जनपद पंचायत रामचन्द्रपुर में विकसित भारत के संकल्प को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी जी राम जी) विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि मंत्री श्री नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा जब ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन के साथ स्थानीय सहभागिता सुनिश्चित हो। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने जल संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत को अपनी कार्ययोजना में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में मिशन अंतर्गत ग्राम स्तर पर ठोस एवं व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों द्वारा जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन, अधोसंरचना विकास, ग्रामीण आजीविका सृजन, आपदा निवारण एवं सामुदायिक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। साथ ही बताया गया कि (वीबी जी राम जी) के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में योजनाबद्ध प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, जनपद सदस्य, पूर्व जनपद सदस्य श्री भानुप्रकाश दीक्षित, गणमान्य नागरिक सीताराम गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, श्नारद गुप्ता एवं श्रीमती शर्मिला गुप्ता सहित ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन ,अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज आनंद नेताम, जनपद सीईओ श्री रणवीर साय सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।



