Breaking Newsभारत

चाय वाले की मदद से रिश्वत लेने वाला दरोगा गिरफ्तार, मनमाफिक रिपोर्ट के लिए मांगे 15 हजार

चाय वाले की मदद से रिश्वत लेने वाला दरोगा गिरफ्तार, मनमाफिक रिपोर्ट के लिए मांगे 15 हजार

दरोगा ने खुद रिश्वत न लेकर चाय दुकानदार को दिलवाया था। इसी दौरान एसटीएफ की टीम ने दोनों को दबोच लिया। मामले में दोनों से छह घंटे पूछताछ की गई।

एंटी करप्शन ब्यूरो अयोध्या की टीम ने मंगलवार को इन्हौंना थाने में तैनात उपनिरीक्षक राजेश पाल को चाय दुकानदार के माध्यम से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। दरोगा पर सड़क दुर्घटना से जुड़े एक मामले में पक्ष में रिपोर्ट लगाने के एवज में रुपये मांगने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने दरोगा को रंगे हाथों पकड़ा है। दरोगा और चाय दुकानदार दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। राजेश गोंडा जिले के रहने वाला है।

19 दिसंबर 2025 को इन्हौंना के चिलौली के पास डीसीएम ने एसयूवी में टक्कर मार दी थी। एसयूवी अयोध्या के बाबा बाजार के रामपुर गांव निवासी अंकुश सिंह की है। उन्होंने 29 जनवरी को डीसीएम चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी प्रकरण में अंकुश के पक्ष में रिपोर्ट लगाने के लिए 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई।

अंकुश ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो में की थी। मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने थाने के पास घेराबंदी की। थाने के बगल में लवदीप साहू की चाय की दुकान पर दरोगा को रुपये लेने के लिए बुलाया गया। आरोप है कि दरोगा ने सीधे पैसे न लेकर चालाकी दिखाते हुए 15 हजार रुपये दुकान संचालक लवदीप साहू को दिलवाए। जैसे ही रुपये दिए गए, टीम ने मौके पर ही दरोगा और चाय दुकानदार दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों से छह घंटे पूछताछ

दुकान पर भीड़ लगने पर आननफानन एसीबी टीम दोनों आरोपियों को वाहन में बैठाकर लखनऊ की ओर रवाना हो गई। हालांकि, कुछ देर बाद टीम दोनों को लेकर जामों थाने पहुंची, जहां बंद कमरे में करीब छह घंटे तक पूछताछ की गई, जिसके बाद एसीबी प्रभारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई।उपनिरीक्षक राजेश पाल फरवरी 2025 में इन्हौंना थाने में तैनात हुआ था। एंटी करप्शन ब्यूरो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दरोगा और चाय दुकान संचालक की गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है। थाना जामो के इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन ब्यूरो की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दोनों आरोपियों को टीम अपने साथ ले गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button