Breaking Newsभारत

गोरखपुर : मोबाइल पर बात करने को लेकर पिता ने बेटी पर हंसिया से किया हमला, इलाज के दौरान मौत

मोबाइल पर बात करने को लेकर पिता ने बेटी पर हंसिया से किया हमला, इलाज के दौरान मौत

पिपराइच थाना क्षेत्र के सिंहोरिया गांव की घटना, आरोपी पिता गिरफ्तार

गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के सिंहोरिया गांव में 23 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।

युवती की मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या निकली। पुलिस के अनुसार गुस्से में आकर पिता ने ही बेटी पर हंसिया से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक 13 मार्च को सिंहोरिया गांव की एक युवती के घायल होने की सूचना मिली थी।

परिजनों ने पुलिस को बताया था कि युवती हंसिया पर गिर गई थी, जिससे उसे गंभीर चोट लग गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराते हुए मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को कई तथ्य संदिग्ध लगे।

पूछताछ में सामने आया कि युवती किसी युवक से मोबाइल पर बात करती थी, जिसे लेकर उसके पिता से अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में पिता ने बेटी के साथ मारपीट की और घर में रखे हंसिया से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में परिवार ने घटना को हादसा बताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की गहन जांच और पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई।

पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पिता कमलेश पुत्र रामबृक्ष निवासी ग्राम सिंहोरिया, थाना पिपराइच को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button