गोरखपुर पुलिस का बड़ा धमाका: नकली शादी, नकली खाकी और असली वसूली; अंतर्राज्यीय ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पर्दाफाश

गोरखपुर पुलिस का बड़ा धमाका: नकली शादी, नकली खाकी और असली वसूली; अंतर्राज्यीय ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पर्दाफाश!
गोरखपुर: शादी के पवित्र बंधन को ठगी का हथियार बनाने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का गोरखपुर पुलिस ने अंत कर दिया है। सीओ कैम्पियरगंज अनुराग सिंह के सटीक मार्गदर्शन और प्रभावी रणनीति के चलते चिलुआताल पुलिस ने 6 पुरुषों और 1 महिला सहित कुल 7 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
ठगी का ‘मास्टर प्लान’: ऐसे बिछाते थे जाल
यह गिरोह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट की तरह काम करता था। गिरोह का मुख्य सरगना राजू शर्मा (हरियाणा) बाहरी राज्यों के लोगों को शादी का झांसा देकर गोरखपुर बुलाता था।
फर्जी रिश्ता: शैला देवी नाम की महिला ‘दुल्हन की मौसी’ बनकर लड़की का इंतजाम करती थी।
फर्जी शादी: अंकुर सिंह के घर पर दिखावे के लिए शादी की रस्में पूरी की जाती थीं।
नकली पुलिस का छापा: जैसे ही शादी संपन्न होती, गिरोह के अन्य सदस्य नकली दरोगा, सिपाही और होमगार्ड बनकर वर्दी में धमक पड़ते। वे दूल्हे और उसके परिवार को बंधक बनाकर केस दर्ज करने की धमकी देते और लाखों की वसूली करते थे।
सावधान! यह गैंग अब तक कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। ताजा मामले में एक पीड़ित से करीब 3.11 लाख रुपये की वसूली की गई थी।
कोटा से गोरखपुर तक एक्शन
पीड़ित पक्ष ने राजस्थान के कोटा में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कराई थी। मामला गोरखपुर पहुंचते ही सीओ अनुराग सिंह ने कमान संभाली। उनके कुशल पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सूरज सिंह और पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से जाल बिछाया और पूरे गिरोह को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पुलिस की गिरफ्त में आए शातिर अपराधी:
अंकुर सिंह
राजू शर्मा (हरियाणा)
धीरेन्द्र यादव उर्फ टुनटुन
रवि चौधरी
मुन्ना जायसवाल
नवमी शर्मा
शैला देवी
बरामदगी की लिस्ट
नकदी: ₹1,66,600 (ठगी की राशि)
फर्जी आईडी: 2 नकली पुलिस पहचान पत्र
दस्तावेज: 2 आधार कार्ड
पुलिस का संदेश: सीओ कैम्पियरगंज अनुराग सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने न केवल पीड़ितों को न्याय दिलाया है, बल्कि अंतर्राज्यीय अपराधियों को यह कड़ा संदेश भी दिया है कि गोरखपुर में कानून का राज कायम है। अपराधियों के हर मंसूबे को इसी तरह नेस्तनाबूत किया जाएगा।



