Breaking Newsभारत

गोरखपुर : पत्रकार प्रिंस कुमार पांडेय के घर भीषण चोरी

पत्रकार प्रिंस कुमार पांडेय के घर भीषण चोरी

• ताला तोड़कर गहने-नकदी समेत कीमती सामान ले उड़े चोर

• होली पर गांव गए थे, लौटने पर टूटा मिला ताला — पत्रकारों में आक्रोश

गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के आरकेबीके के पास स्थित एक किराए के मकान में रह रहे पत्रकार तथा गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के पूर्व कोषाध्यक्ष प्रिंस कुमार पांडेय के घर में अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों में रोष व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रिंस कुमार पांडेय मंगलवार की सुबह होली का पर्व मनाने के लिए अपने पैतृक गांव कुसमी बाजार स्थित मठिया चले गए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने उनके मकान को निशाना बनाया। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और पूरे मकान को खंगाल डाला।

बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के कमरों की अलमारियां खोलकर उनमें रखा सामान इधर-उधर बिखेर दिया। इसके बाद उन्होंने घर में रखे सोने-चांदी के गहने, नगद रुपये तथा अन्य कीमती वस्तुएं समेट लीं और मौके से फरार हो गए।

गुरुवार की सुबह जब प्रिंस कुमार पांडेय वापस अपने मकान पर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखकर वह स्तब्ध रह गए। जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारियां खुली हुई थीं और कपड़े व अन्य सामान बिखरे हुए थे। यह दृश्य देखकर उन्हें तुरंत अंदाजा हो गया कि उनके घर में चोरी हो चुकी है।

घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल कैंट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरी की घटना में शामिल लोगों का सुराग लगाया जा सके।

इस घटना की जानकारी मिलते ही शहर के पत्रकारों में भी आक्रोश फैल गया। गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष अन्य पत्रकार संगठनों से जुड़े सैंकड़ो वरिष्ठ पत्रकार मौके पर पहुंचकर पीड़ित प्रिंस कुमार पांडेय से मुलाकात कर घटना की जानकारी लगातार ले रहे हैं। पत्रकारों ने इस घटना को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
पत्रकारों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच इस प्रकार की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यदि जल्द ही घटना का खुलासा नहीं किया गया तो पत्रकार संगठन इस मुद्दे को लेकर प्रशासन के समक्ष आवाज उठाने को बाध्य होंगे।
उधर स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान जब लोग अपने घरों को बंद कर गांव या रिश्तेदारों के यहां चले जाते हैं, तब चोर ऐसे अवसरों का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देते हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी चिंता का माहौल देखा जा रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। चोरी में गए गहनों, नकदी और अन्य सामान के मूल्य का आकलन किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button