गोरखपुर थाने में पुलिसकर्मियों ने महिला को पीटा!! कपड़े फाड़े और अभद्रता की !! क्षेत्राधिकारी ने जांच का दिया आश्वासन

गोरखपुर थाने में पुलिसकर्मियों ने महिला को पीटा!! कपड़े फाड़े और अभद्रता की !! क्षेत्राधिकारी ने जांच का दिया आश्वासन
गोरखपुर जिले के खजनी थाने में जमीनी विवाद की शिकायत लेकर पहुंची एक महिला से कथित तौर पर मारपीट की गई। आरोप है कि एक पुरुष सिपाही ने उसे थप्पड़ मारा और बाद में एक महिला सब-इंस्पेक्टर ने उसे एक कमरे में बंद कर पिटाई की
यह घटना गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र साखडांड़ पांडेय गांव की है।पीड़ित महिला शारदा देवी ने बताया कि उनका पट्टीदारों के साथ पुराना जमीनी विवाद चल रहा है।
आरोप है रविवार को जब पट्टीदारों ने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से निर्माण कार्य शुरू किया, तो शारदा देवी, उनकी बेटियों और देवरानी ने इसका विरोध किया और पुलिस को 112 पर सूचना दी।
शारदा देवी रोते हुए पैदल खजनी थाने पहुंचीं। थाने में उन्हें रोते और चिल्लाते देख एक कांस्टेबल ने कथित तौर पर उन्हें शांत कराने के लिए थप्पड़ मार दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो एक महिला पुलिसकर्मी उसे पकड़कर आईटी सेल कक्ष में ले गईं।
आरोप है कि महिला पुलिसकर्मी ने कमरे का दरवाजा बंद करके शारदा देवी को पीटा। इस दौरान शारदा देवी की बेटी और देवरानी भी उनके पीछे थाने पहुंची थीं। अपनी जेठानी के साथ मारपीट होते देख वे भयभीत होकर थाने से बाहर निकल गईं।
इस बीच, पुलिस ने आरोपी पट्टीदारों को शांतिभंग के आरोप में हिरासत में ले लिया। खजनी थाने के इंस्पेक्टर जयंत सिंह ने इस घटना पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि भूमि विवाद सुलझाने के लिए सोमवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था और निर्माण न करने की चेतावनी दी गई थी।
इंस्पेक्टर सिंह ने थाने में हंगामा करने पर पीड़ित महिला को भी फटकार लगाई। जब पीड़ित महिला ने थानाध्यक्ष से पुरुष कांस्टेबल और महिला पुलिस द्वारा मारपीट की शिकायत की, तो उन्होंने कहा कि थाने में हंगामा करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाती। महिला ने मारपीट की घटना की तहरीर दी, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया।
इसके बाद महिलाएं शिकायत लेकर क्षेत्राधिकारी दीपांशी राठौर के कार्यालय पहुंचीं, लेकिन वह कार्यालय में नहीं मिलीं। क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को शांतिभंग में पाबंद किया गया है और थाने में महिला से मारपीट की घटना की निष्पक्ष जांच की जाएगी।



