गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब ने मुख्यमंत्री को सौंपा मांग पत्र, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन

गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब ने मुख्यमंत्री को सौंपा मांग पत्र, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन
गोरखपुर। गोरखपुर क्लब में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री को पत्रकारों की सुविधाओं एवं हितों से जुड़ा मांग पत्र सौंपा। इस दौरान अध्यक्ष एवं महामंत्री सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रेस क्लब की ओर से दिए गए मांग पत्र में पत्रकारों को आ रही विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि समाज और शासन के बीच सूचना सेतु का कार्य करने वाले पत्रकारों को अपने दायित्वों के निर्वहन में कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
मांग पत्र में प्रमुख रूप से पत्रकारों के लिए न्यूनतम लागत पर आवासीय भूमि उपलब्ध कराने, सूचना संकुल भवन की छत पर गेस्ट हाउस निर्माण कराने, फील्ड में सक्रिय पत्रकारों को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा देने तथा अन्य राज्यों की भांति पेंशन योजना लागू करने की मांग की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इन सभी मुद्दों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर उचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि पत्रकारों के हित में जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।



