गोरखपुर कलेक्ट्रेट में वकीलों और मजदूरों में मारपीट… हंगामा, बार एसोसिएशन के मंत्री हुए चोटिल

गोरखपुर कलेक्ट्रेट में वकीलों और मजदूरों में मारपीट… हंगामा, बार एसोसिएशन के मंत्री हुए चोटिल
रास्ते को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण के लिए कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गई थी। अधिवक्ता इसका विरोध कर रहे थे।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को सुबह 11 बजे के करीब काम कर रहे मजदूर और वकीलों में मारपीट हो गई। इसके बाद वहां अधिवक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें अंदर जाने से रोका जा रहा था। विरोध पर ठेकेदार और उसके मजदूर ने एक अधिवक्ता से मारपीट की। हंगामे की सूचना के बाद एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने नाराज अधिवक्ताओं को समझने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसपी नॉर्थ जितेंद्र श्रीवास्तव, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंची। मौके पर कैंट, गोरखनाथ, शाहपुर, रामगढ़तल थाने की पुलिस पहुंची। वह अधिवक्ताओं को समझने में जुटे रहे।
बताया जा रहा है कि रास्ते को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण के लिए कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गई थी। अधिवक्ता इसका विरोध कर रहे थे। उनका कहना था कि आने जाने के लिए रास्ता छोड़कर निर्माण किया जाए। इसकी बात को लेकर शुक्रवार की सुबह बवाल हो गया। आरोप है कि मजदूरों ने बार एसोसिएशन के मंत्री सीपी मिश्रा पर हमला कर दिया। इससे उनके हाथ में चोट आई।