Breaking Newsभारत

गुरुग्राम में आपसी समझ से टला तनाव, नवरात्रि में मीट बाजार रहेगा बंद

रिपोर्टर इंडिया नाउ 24 सुरेंद्र

गुरुग्राम में आपसी समझ से टला तनाव, नवरात्रि में मीट बाजार रहेगा बंद

संवाद से सुलझा मीट बाजार विवाद, ईद के बाद नौ दिन पूर्ण बंद

नवरात्रि में मीट बाजार पर बनी सहमति, ईद के बाद नौ दिन पूर्ण बंद का फैसला

गुरुग्राम में हिंदू संगठनों, मीट कारोबारियों और मस्जिद पक्ष के बीच समझौता; शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने पर जोर

गुरुग्राम। चैत्र नवरात्रि के दौरान मीट-मछली की दुकानों को लेकर गुरुग्राम में उठे विवाद का गुरुवार को आपसी सहमति से समाधान निकल आया। शिवसेना, स्वयं शासन पार्टी, गौ रक्षा दल तथा मस्जिद क्षेत्र के मीट मार्केट कारोबारियों, होटल संचालकों और मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ईद की नमाज के दो घंटे बाद सभी मीट-मछली की दुकानें और होटल बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद पूरे नौ दिन तक नवरात्रि अवधि में पूर्ण बंद रखा जाएगा। बैठक में दोनों पक्षों ने शहर में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

इससे पहले हिंदू संगठनों की ओर से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर नवरात्रि के दौरान शहर में मीट और मछली की दुकानों तथा संबंधित होटलों को बंद रखने की मांग की गई थी। गुरुवार को कुछ स्थानों पर दुकानें खुली पाए जाने के बाद संगठनों ने इसका संज्ञान लिया और मस्जिद के पास स्थित मीट बाजार से जुड़े दुकानदारों एवं होटल संचालकों के साथ खुली बैठक की पहल की। बैठक में एक ओर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, वहीं दूसरी ओर मुस्लिम समाज के गणमान्य लोग, मस्जिद कार्यकारिणी के सदस्य, मीट मार्केट के प्रधान और बड़ी संख्या में दुकानदार शामिल हुए।

बैठक में नवरात्रि के दौरान मीट-मछली की सभी दुकानों और होटलों को पूरी तरह बंद रखने की मांग दोहराई गई। इस पर मीट कारोबारियों और मस्जिद पक्ष की ओर से कहा गया कि ईद का पर्व निकट होने के कारण पहले से मंगाया गया माल तत्काल निपटाना आवश्यक है। इसी मुद्दे पर लंबी चर्चा के बाद आपसी सहमति का रास्ता निकला। तय हुआ कि ईद की नमाज संपन्न होने के दो घंटे के भीतर सभी दुकानें और होटल बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद नवरात्रि भर मीट कारोबार बंद रहेगा।

बैठक में यह भी सहमति बनी कि तब तक दुकानों पर पर्दे लगाए जाएंगे, ताकि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। मस्जिद के आसपास के रास्तों पर भी अस्थायी पर्दा व्यवस्था किए जाने की बात कही गई। साथ ही यह साफ कर दिया गया कि यदि कोई दुकानदार तय निर्णय का उल्लंघन करता है, तो उसकी जिम्मेदारी उसकी स्वयं की होगी और आवश्यक होने पर संबंधित पक्ष इस पर संज्ञान लेंगे।

महत्वपूर्ण यह रहा कि संभावित तनाव की स्थिति को संवाद और सहमति से टाल दिया गया। बैठक के अंत में दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने साझा रूप से कहा कि गुरुग्राम की शांति, सामाजिक सौहार्द और आपसी सम्मान को बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। निर्णय की जानकारी बाद में मीडिया के समक्ष भी साझा की गई।

इस संबंध में शिव सेना नेता संजय ठकराल ने कहा कि हम किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं हैं और न ही उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाना चाहते हैं लेकनि साथ में हम यह भी चाहते हैं कि वे भी हमारी भावनाओं का सम्मान करें। उन्होंने सभी ईस्लाम धर्मावलंबियों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप ईद के उपरांत पूरे नौ दिनो तक मीट की दुकाने बंद रखगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button