गाजीपुर : होली और रमजान को लेकर प्रशासन अलर्ट, गाजीपुर में डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च

होली और रमजान को लेकर प्रशासन अलर्ट, गाजीपुर में डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च


गाजीपुर, 01 मार्च 2026 – जनपद में आगामी त्योहारों होली तथा रमजान माह को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय नजर आया।जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (शहरी) राकेश मिश्रा, उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, सीओ सिटी तथा भारी पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली सदर क्षेत्र में व्यापक रूट मार्च किया गया।रूट मार्च पुलिस चौकी विशेश्वरगंज से प्रारंभ होकर लंका, रेलवे स्टेशन, रेलवे प्लेटफॉर्म सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त के रूप में संपन्न हुआ। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने आमजन, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है और प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा करने से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है तथा सोशल मीडिया सेल को सक्रिय कर भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।प्रशासन ने व्यापारियों एवं नागरिकों से निर्धारित समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की। रूट मार्च के दौरान क्षेत्रीय अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।प्रशासन की इस पहल से आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण देखने को मिला। जनपद प्रशासन ने पुनः सभी नागरिकों से आगामी त्योहारों को परंपरागत उत्साह, भाईचारे और शांति के साथ मनाने तथा जनपद में अमन-चैन बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।



