गाजीपुर : हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के दौरान 8 छद्म परीक्षार्थी पकड़े गए, कार्रवाई

गाजीपुर में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के दौरान 8 छद्म परीक्षार्थी पकड़े गए, कार्रवाई
गाजीपुर, 25 फरवरी 2026 – जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशन में जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश पर माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों एवं कक्षों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रथम पाली में विज्ञान विषय की परीक्षा में दो केंद्रों पर मूल परीक्षार्थियों के स्थान पर छद्म परीक्षार्थी परीक्षा देते हुए पकड़े गए।
पहले केंद्र पर 7 मामले
केंद्र कोड-1879 मॉ वीणा वादिनी उच्च माध्यमिक विद्यालय में कुल सात मामलों में दूसरे व्यक्तियों को परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। संबंधित मूल परीक्षार्थियों के स्थान पर बैठे व्यक्तियों को केंद्र व्यवस्थापक द्वारा पकड़कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
दूसरे केंद्र पर 1 मामला
विद्यालय कोड-1067 किरतू राय इंटर कॉलेज में एक परीक्षार्थी के स्थान पर अन्य व्यक्ति परीक्षा देते हुए पकड़ा गया।
सभी मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 के अंतर्गत केंद्र व्यवस्थापक द्वारा विधिक कार्रवाई की गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु सख्त निगरानी की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



