गाजीपुर : सम्पूर्ण समाधान दिवस में 224 शिकायतें प्राप्त, 29 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 224 शिकायतें प्राप्त, 29 का मौके पर निस्तारण

गाजीपुर, 07 मार्च 2026। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सदर के सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान सदर तहसील में कुल 43 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।जनपद की सातों तहसीलों से प्राप्त सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 224 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 29 का तत्काल समाधान किया गया।तहसील जमानियां में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील कासिमाबाद में 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का निस्तारण किया गया। सेवराई तहसील में 28 शिकायतों में से 3 का मौके पर समाधान किया गया।इसी प्रकार तहसील जखनियां में 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का निस्तारण किया गया।
तहसील सैदपुर में 22 शिकायतों में से 3 का मौके पर समाधान किया गया। वहीं तहसील मुहम्मदाबाद में तहसीलदार की अध्यक्षता में 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 का निस्तारण किया गया।जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कुछ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिकांश मामले जमीन और आपसी विवाद से जुड़े होते हैं, इसलिए दोनों विभाग आपसी समन्वय बनाकर इनका निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही तहसील के सभी लेखपालों को निर्देश दिया गया कि शिकायतकर्ताओं की छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए और किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, तहसीलदार सदर, क्षेत्राधिकारी सदर सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



