गाजीपुर : सम्पूर्ण समाधान दिवस में 405 शिकायतें, 41 का मौके पर निस्तारण,जखनिया तहसील में डीएम व एसपी की मौजूदगी में सुनी गईं जन समस्याएं

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 405 शिकायतें, 41 का मौके पर निस्तारण,जखनिया तहसील में डीएम व एसपी की मौजूदगी में सुनी गईं जन समस्याएं

गाजीपुर, 04 अप्रैल 2026 जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को तहसील जखनिया सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस दौरान जखनिया तहसील में कुल 151 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जनपद की सातों तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस में कुल 405 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 41 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सदर में 60 में से 5, कासिमाबाद में 24 में से 3, सेवराई में 37 में से 3, जमानिया में 49 में से 5, सैदपुर में 20 में से 2 तथा मुहम्मदाबाद में 64 में से 12 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया।
जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जमीनी एवं आपसी विवादों का निस्तारण आपसी समन्वय से सुनिश्चित करें। साथ ही लेखपालों को निर्देश दिया गया कि छोटी समस्याओं का त्वरित समाधान कर आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार जखनिया, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



