गाजीपुर : राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार को लेकर गाजीपुर में जागरूकता रैली, जनपद न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी

राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार को लेकर गाजीपुर में जागरूकता रैली, जनपद न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी
गाजीपुर, 10 मार्च 2026 – माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को जनपद न्यायालय गाजीपुर परिसर से जागरूकता रैली एवं प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रैली को जनपद न्यायालय के गेट संख्या-1 से माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने रवाना किया।इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने बताया कि 14 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आमजन अपने वादों का सहज, सुलभ एवं त्वरित निस्तारण करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा, मोटर दुर्घटना दावा, ऋण वसूली, सेवा विवाद, बंटवारा से जुड़े मामले तथा शमनीय आपराधिक मामलों सहित विभिन्न प्रकार के वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा।कार्यक्रम में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी संजय हरी शुक्ला, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-03 अली रजा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-01 व नोडल अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शक्ति सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट अभिमन्यु सिंह, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो राम अवतार प्रसाद, स्पेशल जज ईसी एक्ट अलख कुमार, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्रीमती नूतन द्विवेदी, सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अर्चना सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।इसके अलावा लीड बैंक यूबीआई एवं अन्य बैंकों के अधिकारी, सिविल बार एसोसिएशन गाजीपुर के अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह, महासचिव अंजनी कुमार ठाकुर, जिला शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय, विद्वान अधिवक्तागण, मध्यस्थ अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पराविधिक स्वयंसेवक तथा न्यायालय के कर्मचारीगण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।इस दौरान शहर में प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जागरूक किया गया और अधिक से अधिक लोगों से अपने मामलों का निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से कराने की अपील की गई।



