गाजीपुर : मिशन शक्ति 5.0 के तहत ‘हक की बात’ व शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित,महिलाओं ने रखीं अपनी समस्याएं, जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

मिशन शक्ति 5.0 के तहत ‘हक की बात’ व शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित,महिलाओं ने रखीं अपनी समस्याएं, जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

गाजीपुर, 10 अप्रैल 2026
मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शुक्रवार को रायफल क्लब गाजीपुर में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में ‘हक की बात जिलाधिकारी के साथ’ एवं ‘शक्ति संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सशक्त बनाना रहा।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े विभिन्न सामाजिक मुद्दों—जैसे लैंगिक असमानता, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न, जमीनी विवाद एवं बाल विवाह—पर खुलकर चर्चा की गई। इस दौरान कुल 27 मामले सामने आए, जिनमें घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद, प्रेम विवाह, शौचालय, आवास एवं समूह से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं।जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि वे निडर होकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखें, शासन-प्रशासन उनकी हर संभव सहायता करेगा।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19) एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) तथा स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ प्राप्त कर रहे बच्चों से भी संवाद किया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अभिभावकों की स्थिति की जानकारी ली तथा उन्हें उपलब्ध सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की टीम, वन स्टॉप सेंटर की मैनेजर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।



