गाजीपुर : मिशन शक्ति के तहत ‘एक दिन की डीएम’ बनीं गंगा मौर्या, सुनी जनसमस्याएं

मिशन शक्ति के तहत ‘एक दिन की डीएम’ बनीं गंगा मौर्या, सुनी जनसमस्याएं
कलेक्ट्रेट में जनता दर्शन में लिया हिस्सा, अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश

गाजीपुर, 8 अप्रैल 2026 उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण एवं बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज 5.0” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में “एक दिन की जिलाधिकारी” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर लूदर्स कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा गंगा मौर्या को “एक दिन की जिलाधिकारी” के रूप में मनोनीत किया गया। उन्होंने कलेक्ट्रेट गाजीपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में भाग लेते हुए आम नागरिकों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं प्रशासनिक समझ विकसित करना है, जिससे वे भविष्य में समाज और शासन-प्रशासन में सक्रिय भूमिका निभा सकें। इस पहल से छात्राओं में निर्णय क्षमता, उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता का विकास होता है।इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने गंगा मौर्या को बधाई देते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान बालिकाओं को बड़े सपने देखने और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ सशक्त बनाना है।गंगा मौर्या ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि “एक दिन की जिलाधिकारी” बनना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। इस अनुभव से उन्हें प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिला।कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए इस तरह के प्रेरणादायक कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।



