गाजीपुर : माय भारत गाजीपुर द्वारा “बजट क्वेस्ट क्विज 2026” का आयोजन, युवाओं में वित्तीय जागरूकता पर जोर

माय भारत गाजीपुर द्वारा “बजट क्वेस्ट क्विज 2026” का आयोजन, युवाओं में वित्तीय जागरूकता पर जोर
गाजीपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में माय भारत गाजीपुर द्वारा “बजट क्वेस्ट क्विज 2026” का सफल आयोजन पीजी कॉलेज गाजीपुर एवं सत्यदेव डिग्री कॉलेज में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में बजट, अर्थव्यवस्था एवं वित्तीय प्रबंधन के प्रति समझ विकसित करना तथा उन्हें समसामयिक आर्थिक विषयों से जोड़ना रहा।पीजी कॉलेज गाजीपुर के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बजट केवल सरकार का वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के विकास की दिशा और प्राथमिकताओं को निर्धारित करने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं से बजट की प्रमुख बातों को समझकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।क्विज प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बजट एवं अर्थव्यवस्था से जुड़े विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देकर अपनी ज्ञान क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ।माय भारत गाजीपुर के पूर्व एपीएस सुभाष चंद्र ने क्विज की ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।इस अवसर पर डॉ. अवधेश, डॉ. आई. आर. पाठक, डॉ. सुनील कुमार सिंह, डॉ. आलोक कुमार, प्रीति यादव, विशाल यादव, नेहा सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे प्रोफेसर संजय चतुर्वेदी ने प्रस्तुत किया।



