गाजीपुर : भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज में अंतर-महाविद्यालयी वुशु प्रतियोगिता कल, विधायक बेदी राम होंगे मुख्य अतिथि

भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज में अंतर-महाविद्यालयी वुशु प्रतियोगिता कल, विधायक बेदी राम होंगे मुख्य अतिथि
गाजीपुर, 23 मार्च 2026। जखनियां तहसील स्थित श्री महंथ रामाश्रयदास पीजी कॉलेज, भुड़कुड़ा में 24 मार्च 2026 को पूर्वांचल विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालयी वुशु खेल प्रतियोगिता (सत्र 2025-26) का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर महाविद्यालय परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसे लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि जखनियां विधायक माननीय बेदी राम रहेंगे। वहीं विश्वविद्यालय की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में टी.डी. कॉलेज, जौनपुर के प्रो. शेखर सिंह तथा वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सचिव श्री शकील अहमद भी उपस्थित रहेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बृजेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु महाविद्यालय प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
कार्यक्रम के संयोजक शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रो. संजय कुमार हैं, जो प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में जुटे हुए हैं। आयोजन के माध्यम से छात्रों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, साथ ही वुशु जैसे खेल के प्रति जागरूकता और रुचि भी बढ़ेगी।
महाविद्यालय प्रशासन ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों एवं आमजन से प्रतियोगिता में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।



