गाजीपुर : प्राथमिक विद्यालय में अंबेडकर प्रतिमा तोड़ी, ग्रामीणों का हंगामा – नई प्रतिमा लगाने की मांग

प्राथमिक विद्यालय में अंबेडकर प्रतिमा तोड़ी, ग्रामीणों का हंगामा – नई प्रतिमा लगाने की मांग

गाजीपुर।सादात थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हुरमुजपुर के बक्सूपुर मौजा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में लगी डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों ने गुरुवार की रात क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।बताया जाता है कि इस प्रतिमा का अनावरण 1 नवम्बर 1994 को तत्कालीन ग्राम्य विकास मंत्री श्रीराम यादव द्वारा किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह प्रतिमा तीसरी बार तोड़ी गई है, जिससे लोगों में आक्रोश है।सूचना मिलते ही सादात के एसओ धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर वह हथौड़ी भी बरामद हुई, जिससे प्रतिमा के चेहरे पर प्रहार किया गया था। पुलिस द्वारा प्रतिमा की मरम्मत कराने के आश्वासन पर ग्रामीण भड़क उठे और नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग करने लगे।बाद में जखनियां के नायब तहसीलदार विवेकानंद सिंह और प्रभारी एसडीएम मनोज कुमार पाठक मौके पर पहुंचे। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, उचित कार्रवाई करने और नई प्रतिमा लगाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ।प्रशासन ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुड्डू को ग्राम पंचायत निधि से विद्यालय की चहारदीवारी ऊंची कराने और सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं।धरना-प्रदर्शन में चंद्रकांत कुमार, डॉ. विजय कुमार, लालचंद चौहान, नंदलाल, विनय, आशीष यादव, पवन कुमार गौतम, सचिन, नवीन, धनंजय कुमार, साहिल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, मौजूद रहीं।एसओ धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय के अनुसार, बक्सूपुर निवासी चंद्रकांत कुमार की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



