गाजीपुर : प्रधानमंत्री मोदी की मां के अपमान पर भाजपाइयों में आक्रोश, महिला मोर्चा व युवा मोर्चा ने निकाली रैली

बेद प्रकाश पाण्डेय ब्यूरो चीफ गाजीपुर।
आज दिनांक।03/09/025को
प्रधानमंत्री मोदी की मां के अपमान पर भाजपाइयों में आक्रोश, महिला मोर्चा व युवा मोर्चा ने निकाली रैली
गाजीपुर। कांग्रेस और सहयोगी दलों के नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी दिवंगत मां पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपाइयों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा ने संयुक्त रूप से आक्रोश रैली निकालकर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
रैली की शुरुआत लंका मैदान से हुई, जो लंका बस स्टैंड, अम्बेडकर पार्क और सांसद तिराहा होते हुए कचहरी स्थित सरजू पांडेय पार्क पहुंची, जहां यह सभा में परिवर्तित हो गई।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां के लिए अपशब्द कहना अत्यंत निंदनीय और असहनीय है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को इसके लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि मोदी जी की मां ने त्याग और तपस्या से उन्हें राष्ट्रसेवा के योग्य बनाया। उनके लिए अपमानजनक शब्द कहना भारतीय संस्कारों का भी अपमान है।
महिला मोर्चा की नेत्री विमला मौर्य ने कहा कि कांग्रेस संस्कारविहीन राजनीति कर रही है और देश की महिलाएं आगामी चुनावों में इसका जवाब देंगी। सभा में भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर, सैदपुर नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर, मरदह ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला, माया सिंह, पूनम मौर्य, मीरा श्रीवास्तव समेत कई नेताओं ने भी विचार व्यक्त किए।
रैली में शामिल महिलाओं और युवाओं ने “राहुल गांधी शर्म करो”, “मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, “कांग्रेस की यही पहचान – मां का अपमान” जैसे नारों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष साधना राय ने की, जबकि संचालन किरन सिंह ने किया। अंत में साधना राय ने सभी का आभार व्यक्त किया। रैली पूरी तरह शांतिपूर्ण रही, लेकिन कार्यकर्ताओं का जोश और आक्रोश देखते ही बन रहा था।