गाजीपुर : पुलिस मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

गाजीपुर
पुलिस मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
गाजीपुर। कासिमाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कौशल गौड़ (21) नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में वांछित था और उसके खिलाफ पहले से गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
प्रभारी निरीक्षक राजनरायन अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी टोडार मोड़ मऊ-कासिमाबाद मार्ग पर मौजूद है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिससे आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस संबंध में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



