गाजीपुर : पीजी कॉलेज में पूर्व छात्र नव चयनित एसडीएम विनय कुमार उपाध्याय को किया गया सम्मानित

गाजीपुर
पीजी कॉलेज में पूर्व छात्र नव चयनित एसडीएम विनय कुमार उपाध्याय को किया गया सम्मानित

गाजीपुर। तकनीकी शिक्षा एवं शोध संस्थान (टेरी), पी०जी० कालेज, गाजीपुर के सभागार में 04 अप्रैल को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में 14वीं स्थान प्राप्त करने के उपलक्ष्य में महाविद्यालय के पूर्व छात्र श्री विनय कुमार उपाध्याय का अभिनन्दन समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने वर्ष 2023 में एम०एस-सी० (केमिस्ट्री) की शिक्षा पूर्ण की थी।
कार्यक्रम का शुभारम्भ संस्थान के प्रबंधक श्री अजीत कुमार सिंह (अपर महाधिवक्ता, उत्तर प्रदेश), प्रो० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय – प्राचार्य, पी०जी० कॉलेज, गाजीपुर, डॉ० अजीत प्रताप सिंह गौतम – निदेशक, टेरी पी०जी० कॉलेज, श्री विनय कुमार उपाध्याय तथा उनके माता-पिता श्रीमती मधु उपाध्याय एवं श्री अरविन्द कुमार उपाध्याय द्वारा बाबू राजेश्वर प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
अपर महाधिवक्ता श्री अजीत कुमार सिंह महोदय ने कहा कि 14वीं रैंक प्राप्त करके विनय कुमार उपाध्याय ने न केवल अपने परिवार का, बल्कि अपने महाविद्यालय, अपने क्षेत्र और पूरे समाज का नाम रोशन किया है। यह महाविद्यालय परिवार के शिक्षकों तथा छात्रों की मेहनत का परिणाम है कि आज हमारा महाविद्यालय सर्वोच्च स्थान रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विनय की यह सफलता आप सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह हमें संदेश देती है कि कठिनाइयाँ चाहे जितनी भी हों, यदि हम धैर्य और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहें तो सफलता निश्चित रूप से हमारे कदम चूमेगी। हमें उनके जीवन से यह सीख लेनी चाहिए कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास ही सफलता का माध्यम है l
प्राचार्य ने अपने उद्बोधन ने कहा कि वह अपने पूर्व छात्र विनय कुमार उपाध्याय को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में 14 वीं रैंक प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई देते है। यह उपलब्धि न केवल विनय के परिश्रम का प्रमाण है, बल्कि हमारे महाविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता का भी प्रतीक है। उन्होंने समस्त शिक्षकगणों और छात्रों से अपील किया कि विनय की इस सफलता से प्रेरणा लेकर निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर अग्रसर हों।
हमारा महाविद्यालय सदैव ऐसे प्रतिभावान छात्रों को गर्व के साथ याद करता रहेगा।
विनय कुमार उपाध्याय ने अपनी सफलता का श्रेय कॉलेज प्रबंधन और शिक्षकों को देते हुए उपस्थित छात्रों को सोशल मीडिया तथा मोबाइल से दूरी बनाने की सलाह दी और नियमित अध्ययन को सफलता प्राप्त करने का सर्वोत्तम माध्यम बताया।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ० अमित प्रताप सिंह तथा संचालन प्रो० संजय चतुर्वेदी ने किया। निदेशक डॉ० अजीत प्रताप सिंह गौतम ने कार्यक्रम में पधारे पूर्व छात्र विनय कुमार उपाध्याय एवं उनके माता-पिता का आभार व्यक्त किया तथा छात्रों को उनकी सफलता से सीख लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान कृपा शंकर सिंह, डॉ० रामदुलारे, डॉ० श्रीनाथ मिश्र, श्री सूर्यप्रकाश पाण्डेय, डॉ० दिनेश सिंह, डॉ० अजातशत्रु सिंह, डॉ० प्रतिमा सिंह, कमला प्रसाद गुप्ता एवं समस्त शिक्षकगण तथा कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



