Breaking Newsभारत

गाजीपुर : निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन, गाजीपुर में मतदाताओं की संख्या 26.30 लाख पहुंची

निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन, गाजीपुर में मतदाताओं की संख्या 26.30 लाख पहुंची

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न, पुनरीक्षण में 1.01 लाख नए मतदाता जुड़े

गाजीपुर, 10 अप्रैल 2026 अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के उपरांत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं पुनरीक्षण कार्य में लगे अधिकारियों/कर्मचारियों को सफलतापूर्वक कार्य संपादित कराने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

इस अवसर पर सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों को अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। जिलाधिकारी ने बताया कि 27 अक्टूबर 2025 को जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 29,51,478 थी, जो पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान संशोधित होकर अब अंतिम प्रकाशन में 26,30,012 हो गई है। इसमें पुरुष मतदाता 14,29,806, महिला 12,00,171 तथा थर्ड जेंडर 35 शामिल हैं।उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान कुल 1,01,719 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 14,496 नाम अपमार्जित किए गए। 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो पहले 10,655 थी और अब बढ़कर 32,006 हो गई है। इस प्रकार इस आयुवर्ग में 21,351 नए मतदाता पंजीकृत हुए।बैठक में बताया गया कि जनपद में अब कुल 3,378 मतदान स्थल एवं 1,619 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। पुनरीक्षण कार्य में सहयोग हेतु विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा 10,875 बीएलए तैनात किए गए थे, जिन्होंने बीएलओ के साथ मिलकर कार्य किया।जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान 6,55,086 मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया था, जिनमें से अधिकांश का सत्यापन कर लिया गया है। केवल 5,468 मतदाताओं के नाम मैपिंग न होने के कारण हटाए गए।विधानसभा वार आंकड़ों के अनुसार जखनियां (अ0जा0) में 11,893, सैदपुर में 14,831, गाजीपुर में 11,850, जंगीपुर में 14,302, जहूराबाद में 15,617, मुहम्मदाबाद में 17,907 तथा जमानियां में 15,713 नए मतदाता जोड़े गए हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली 10 अप्रैल 2026 से सभी संबंधित कार्यालयों एवं पदाभिहित स्थलों पर एक सप्ताह तक आमजन के अवलोकन हेतु उपलब्ध रहेगी। साथ ही यह सूची जनपद की आधिकारिक वेबसाइट एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट पर भी देखी जा सकती है।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि—रविकांत राय (कांग्रेस), राजन प्रजापति (भाजपा), राजेश कुमार यादव (सपा), जावेद अहमद (आप), रमेश सिंह कुशवाहा (बसपा), नागेंद्र शर्मा, मारकंडे प्रसाद (सीपीआई-एम) सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button