गाजीपुर : निपुण भारत मिशन की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी के निर्देश, शिक्षक उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

निपुण भारत मिशन की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी के निर्देश, शिक्षक उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

गाजीपुर, 13 मार्च 2026। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपदीय अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने खण्ड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा आधारशिला क्रियान्वयन संदर्शिका तथा शिक्षण से संबंधित अधिकतम सामग्रियों का शत-प्रतिशत प्रयोग कराया जाए, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। आगामी माह में होने वाली बैठक में सभी ए0आर0पी0 की उपस्थिति भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में बताया गया कि अकादमिक रिसोर्स पर्सन (ए0आर0पी0) के रिक्त पदों को भरने के लिए द्वितीय चरण में चयन प्रक्रिया चल रही है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने ब्लॉक से पांच-पांच शिक्षकों से ए0आर0पी0 पद के लिए आवेदन कराने के निर्देश दिए। साथ ही ए0आर0पी0 चयन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) को भी निर्देशित किया गया।इसके अतिरिक्त जिले के जर्जर विद्यालय भवनों के आकलन के लिए त्रिस्तरीय सदस्यीय समिति से शीघ्र रिपोर्ट तैयार कराने तथा आवश्यकतानुसार जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान जनपद स्तरीय तथा ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।



