गाजीपुर : नवरात्रि पर मां काली धाम हरिहरपुर में पत्रकार सम्मान समारोह सम्पन्न, महामंडलेश्वर भवानी नंदन नित्या जी महाराज का आशीर्वचन

नवरात्रि पर मां काली धाम हरिहरपुर में पत्रकार सम्मान समारोह सम्पन्न, महामंडलेश्वर भवानी नंदन नित्या जी महाराज का आशीर्वचन
सांस्कृतिक समरसता, धर्म, सदाचार और शांति का दिया संदेश — पत्रकारों को किया सम्मानित

गाजीपुर (संवाददाता):पावन नवरात्रि के शुभ अवसर पर जनपद गाजीपुर स्थित सिद्ध पीठ हथियाराम की शाखा मां काली धाम हरिहरपुर में एक भव्य पत्रकार सम्मान समारोह एवं प्रेस वार्ता का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिद्ध पीठ हथियाराम के पीठाधीश्वर एवं महामंडलेश्वर भवानी नंदन यति जी महाराज के सानिध्य में हुई।इस अवसर पर जनपद के कोने-कोने से पधारे वरिष्ठ एवं सम्मानित पत्रकारों को महाराज श्री के करकमलों द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए महाराज श्री ने उनके समाज सेवा में योगदान की सराहना की।प्रेस वार्ता के दौरान अपने दिव्य एवं ओजस्वी उद्बोधन में महाराज श्री ने कहा कि नवरात्रि का यह पावन पर्व मां शक्ति की आराधना का प्रतीक है, जो समस्त सृष्टि के कल्याण का संदेश देता है। उन्होंने कहा—”जैसे जीवन के लिए अन्न आवश्यक है, वैसे ही आत्मिक उन्नति के लिए ईश्वर का भजन अनिवार्य है। भक्ति, सदाचार और संयम ही मनुष्य को परम कल्याण की ओर ले जाते हैं।”उन्होंने भारतीय संस्कृति की समरसता का उल्लेख करते हुए कहा कि
“जिस प्रकार मुस्लिम समुदाय के लिए रमजान पवित्र है, उसी प्रकार सनातन परंपरा में भगवान श्रीराम और माता जानकी पूज्य हैं। हम सभी आस्थाओं का सम्मान करते हैं — यही भारत की आत्मा है।”
अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में चल रहे संघर्षों पर चिंता व्यक्त करते हुए महाराज श्री ने कहा कि युद्ध किसी भी रूप में हो, वह केवल विनाश और अशांति को जन्म देता है। उन्होंने सभी देशों से आपसी संवाद और सहयोग के माध्यम से शांति स्थापित करने की अपील की।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के कार्यकाल पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में महाराज श्री ने अंक 9 को अत्यंत शुभ बताते हुए कहा कि यह पूर्णता और मंगल का प्रतीक है। उन्होंने विनोदी अंदाज में कहा कि यह अंक योग और सौभाग्य का द्योतक है, जिससे वर्तमान समय शुभ फलदायी सिद्ध हो रहा है।महाराज श्री ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं, जो अपनी लेखनी से जन-जन की सेवा करते हैं।
“मेरा सौभाग्य है कि मैं वर्ष में एक बार इस पावन अवसर पर इन कलमकारों का सम्मान कर पाता हूं।”कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. संतोष यादव, काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने मां काली के चरणों में श्रद्धा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।कार्यक्रम के अंत में मां काली धाम के भक्तगणों एवं उपस्थित जनसमूह ने भक्तिभाव से शीश नवाते हुए आशीर्वाद ग्रहण किया। पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक गरिमा से ओत-प्रोत रहा।



