गाजीपुर : दो गांवों में भीषण चोरी, जांच में जुटी पुलिस

गाजीपुर
दो गांवों में भीषण चोरी, जांच में जुटी पुलिस
गाजीपुर । बिरनो थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात दो अलग-अलग गांवों में भीषण चोरी की घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। अज्ञात चोरों ने रमदोपुर (मिर्जापुर) और जगतपुर मठिया गांव के कुल छह घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के मुताबिक रमदोपुर गांव में मनोज कुमार यादव, हीरालाल यादव और छोटे लाल प्रजापति के घरों में चोरों ने मुख्य दरवाजा खोलकर प्रवेश किया। घर के अंदर सो रहे लोगों पर कथित रूप से नशीला स्प्रे छिड़क दिया, जिससे वे गहरी नींद में चले गए और उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। इसके बाद चोरों ने घर में रखे सोने की चेन, कंगन, झुमके सहित अन्य कीमती जेवरात चोरी कर लिए।
इसी रात पास के गांव जगतपुर मठिया में भी चोरों ने रामधीरज सिंह यादव, रविंद्र यादव और राधे सिंह यादव के घरों को निशाना बनाया। यहां चोर पीछे के दरवाजे और छत के रोशनदान को तोड़कर घर में घुसे। उन्होंने घर में रखे बक्सों को खंगालते हुए सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और फरार हो गए।
पीड़ित रामधीरज सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए धीरे-धीरे आभूषण जुटाए थे, लेकिन इस घटना से सब कुछ खत्म हो गया। वहीं मनोज कुमार यादव ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य सीमा सुरक्षा बल और सीआरपीएफ में कार्यरत हैं, फिर भी उनके घर को निशाना बनाया गया। मामले में बिरनो थानाध्यक्ष अजय कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।



