गाजीपुर : डिजिटल जनगणना 2027: 7 से 21 मई तक ‘सेल्फ-एनुमरेशन’ की सुविधा,घर बैठे पोर्टल पर भर सकेंगे परिवार का विवरण, लोकेशन मैप करना होगा अनिवार्य

डिजिटल जनगणना 2027: 7 से 21 मई तक ‘सेल्फ-एनुमरेशन’ की सुविधा,घर बैठे पोर्टल पर भर सकेंगे परिवार का विवरण, लोकेशन मैप करना होगा अनिवार्य
गाजीपुर, 8 अप्रैल 2026 अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) दिनेश कुमार ने बताया कि भारत की आगामी डिजिटल जनगणना-2027 को अधिक सुगम एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार द्वारा 7 मई से 21 मई 2026 तक ‘सेल्फ-एनुमरेशन’ (स्व-गणना) की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।इस पहल के तहत नागरिक स्वयं अपने परिवार की जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे, जिससे वे जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे।उन्होंने बताया कि पोर्टल पर जानकारी भरते समय नागरिकों को अपना सटीक पता दर्ज करना होगा तथा मानचित्र पर अपने घर की लोकेशन मार्क करना भी अनिवार्य रहेगा, जिससे डेटा की सटीकता सुनिश्चित की जा सके।यह सुविधा जनगणना-2027 के प्रथम चरण, यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना शुरू होने से 15 दिन पूर्व नागरिकों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।नागरिक आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। इसके बाद परिवार के मुखिया को मकान का विवरण, लोकेशन मार्किंग तथा परिवार के सदस्यों की जानकारी भरकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करते हुए डिजिटल माध्यम से स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।



