गाजीपुर : जीएसटी कर चोरी का बड़ा खेल बेनकाब: SIT की कार्रवाई में लखनऊ का कारोबारी गिरफ्तार

गाजीपुर
जीएसटी कर चोरी का बड़ा खेल बेनकाब: SIT की कार्रवाई में लखनऊ का कारोबारी गिरफ्तार
गाजीपुर। जिले में जीएसटी कर चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भांवरकोल थाना पुलिस और एसआईटी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई कर चोरी के एक चर्चित मुकदमे में की गई, जिसमें जांच के दौरान कई गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। मामला 29 नवंबर 2025 का है, जब राज्य कर विभाग की सचल दल टीम ने चेकिंग के दौरान BR-44GA-8656 नंबर के वाहन को रोका। जांच में वाहन पर लदे कोयले (HSN Code-2701) के इनवॉइस बिल में हस्ताक्षर अलग-अलग पाए गए, जिससे फर्जीवाड़े की आशंका गहरा गई। इस पर थाना भांवरकोल में मुकदमा संख्या 272/2025 दर्ज किया गया।
जांच की जिम्मेदारी एसआईटी टीम को सौंपी गई। विवेचना के दौरान प्रभारी निरीक्षक बिंद कुमार ने मामले में कई नई धाराएं जोड़ते हुए लखनऊ निवासी राजेश कुमार श्रीवास्तव को आरोपी के रूप में चिन्हित किया। 4 अप्रैल को एसआईटी प्रभारी निरीक्षक बिंद कुमार, उपनिरीक्षक जितेन्द्र उपाध्याय और टीम ने आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राजेश कुमार श्रीवास्तव (68 वर्ष) पुत्र राम आसरे लाल श्रीवास्तव निवासी एमएमडी -1/ 557 एल०डी०ए० कालोनी कानपुर रोड लखनऊ है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ इसी मामले में विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक बिंद कुमार एसआईटी प्रभारी, थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय भांवरकोल, उपनिरीक्षक जितेन्द्र उपाध्याय एसआईटी टीम शामिल रहे।



