गाजीपुर : जिला कारागार में औचक निरीक्षण, बंदियों को दी गई विधिक अधिकारों की जानकारी

जिला कारागार में औचक निरीक्षण, बंदियों को दी गई विधिक अधिकारों की जानकारी
विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने लगाई जागरूकता शिविर, सुनीं बंदियों की समस्याएं

गाजीपुर, 04 अप्रैल 2026 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में शनिवार को जिला कारागार गाजीपुर में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अर्चना द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान ‘अंडर ट्रायल बंदियों की शिकायतों के निस्तारण’ विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया गया।निरीक्षण के दौरान सचिव ने बंदियों से निःशुल्क अधिवक्ता, जेल अपील व अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बंदियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।कारागार प्रशासन के अनुसार वर्तमान में कुल 518 बंदी निरुद्ध हैं, जिनमें 452 पुरुष, 24 महिलाएं एवं 42 अल्पवयस्क शामिल हैं। बंदियों को निर्धारित मानक के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।सचिव ने बीमार बंदियों के उपचार को लेकर कारापाल एवं चिकित्सक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जेल में संचालित लीगल क्लीनिक को सक्रिय रखने, स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा मच्छरों से बचाव के लिए नियमित छिड़काव कराने के निर्देश दिए।इस अवसर पर कारापाल सहित लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य रतनजी श्रीवास्तव, भानू प्रताप सिंह एवं दीपक राय उपस्थित रहे।



