गाजीपुर : जनपद न्यायालय परिसर, गाजीपुर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, 21,971 लाभार्थियों को मिला लाभ

जनपद न्यायालय परिसर, गाजीपुर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, 21,971 लाभार्थियों को मिला लाभ
गाजीपुर, 22 फरवरी 2026 (सू0वि0)। उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आमजन की सुविधा हेतु मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन आज दिनांक 22.02.2026 को जनपद न्यायालय परिसर, गाजीपुर में किया गया। शिविर का शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने कहा कि जनपद के समस्त नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अविनाश कुमार, जिलाधिकारी गाजीपुर ने कहा कि शासन की योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक करने में यह शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शिविर के नोडल अधिकारी शक्ति सिंह, अपर जिला जज (कक्ष संख्या-01) ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के 45 स्टॉल लगाए गए थे। शिविर बहुआयामी रहा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क चिकित्सकीय परीक्षण एवं परामर्श, विभिन्न प्रकार की पेंशन योजनाएँ, बिजली एवं पानी के बिल से संबंधित जानकारी, बीमा योजनाएँ, राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित दैनिक जीवन में आवश्यक विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया गया।
प्रदर्शनी/मेगा शिविर में जिला सूचना विभाग, प्रोबेशन विभाग एवं पुलिस विभाग (मिशन शक्ति), कृषि विभाग, गन्ना विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, दुग्ध विकास, उद्यान विभाग, डीसी एनआरएलएम, खादी ग्राम उद्योग, कृषि विपणन, जिला पूर्ति विभाग, जिला कार्यक्रम, समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा, चिकित्सा विभाग, वन विभाग, यूपी डास्प, जिला अग्रणी प्रबंधक, महिला कल्याण विभाग, जिला उद्योग एवं उद्यमिता विकास केंद्र, पर्यटन विभाग, आजीविका मिशन, ग्रामोद्योग विभाग, खाद्य रसद विभाग द्वारा गेहूं खरीद पंजीकरण/नवीनीकरण सहित स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। इनका अवलोकन जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव द्वारा फीता काटकर किया गया।
अर्चना, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर ने बताया कि शिविर के माध्यम से कुल 21,971 व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। पात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डेमो चेक प्रदान किए गए। मौके पर ही आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
पुलिस विभाग द्वारा लगाए गए पंडाल में हेल्पलाइन एवं साइबर अपराध से संबंधित विशेष जानकारी दी गई। बैंकों द्वारा वैयक्तिक एवं अन्य ऋण हेतु आवेदन की सुविधा प्रदान की गई। दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल एवं बैसाखी का वितरण माननीय न्यायाधीश के करकमलों द्वारा किया गया।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के माध्यम से विभिन्न ब्लॉकों से आई महिलाओं के लिए अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी द्वारा बच्चों को खीर खिलाकर कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया। साथ ही जनपद न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी द्वारा न्यायालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
इस अवसर पर पी.ओ. (एम.ए.सी.टी.) संजय हरिशुक्ला, सिविल बार संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह, न्यायिक अधिकारीगण, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी (नगर) सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, वादकारीगण एवं न्यायिक कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



