Breaking Newsभारतशिक्षा

गाजीपुर : गाजीपुर में “स्कूल चलो अभियान” को मिली नई गति, बीकापुर विद्यालय में एस्ट्रो लैब का भव्य उद्घाटन

गाजीपुर में “स्कूल चलो अभियान” को मिली नई गति, बीकापुर विद्यालय में एस्ट्रो लैब का भव्य उद्घाटन

डीएम, एसपी व सीडीओ की मौजूदगी में नामांकन अभियान की शुरुआत, बच्चों को विज्ञान से जोड़ने की अनोखी पहल

गाजीपुर, 11 अप्रैल 2026 जनपद गाजीपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय, बीकापुर (सदर) में “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक ईरजराजा एवं मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात “स्कूल चलो अभियान” के तहत बच्चों के नामांकन की औपचारिक शुरुआत की गई। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर एवं पाठ्य सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

साथ ही अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय में स्थापित एस्ट्रो लैब (Astro Lab) का उद्घाटन रहा, जिसे जिलाधिकारी द्वारा फीता काटकर प्रारंभ किया गया। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने दूरबीन (टेलीस्कोप) के माध्यम से आकाशीय पिंडों के अवलोकन की प्रक्रिया को देखा तथा बच्चों को इसके उपयोग की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि
“एस्ट्रो लैब केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि बच्चों के लिए विज्ञान की दुनिया का द्वार है। इससे उनकी जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच का विकास होगा।”

उन्होंने निर्देश दिया कि इस लैब का नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि यह बच्चों के दैनिक शिक्षण का हिस्सा बन सके।उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे आसपास की हर चीज में मौजूद है। एस्ट्रो लैब के माध्यम से बच्चे स्वयं प्रयोग कर अपने अंदर छिपे वैज्ञानिक को पहचान सकते हैं।पुलिस अधीक्षक ईरजराजा ने अपने संबोधन में अनुशासन, सुरक्षा एवं जिम्मेदारी का महत्व बताया, जबकि मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने “निपुण भारत मिशन” के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य एवं लघु नाटिकाएं शामिल रहीं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया।अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यालय को “निपुण” बनाने हेतु सभी से सहयोग की अपील की गई।कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button