गाजीपुर : गाजीपुर में विशेष पुनरीक्षण कार्यों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

गाजीपुर में विशेष पुनरीक्षण कार्यों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
गाजीपुर, 20 फरवरी 2026। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने विधानसभा क्षेत्र सदर अंतर्गत जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय के कक्ष में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित ईआरओ एवं एईआरओ से अब तक निर्गत नोटिसों की स्थिति, नोटिस वितरण, डाटा फीडिंग, जनसुनवाई, साक्ष्य मिलान सहित अन्य बिंदुओं पर अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि नोटिस निर्गत किए जाने के उपरांत अनमैप्ड मतदाताओं के साक्ष्य मिलान हेतु सुनवाई प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जा सके।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि अर्हता आयु पूर्ण कर रहे युवाओं से फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए तथा संशोधन के इच्छुक मतदाताओं से फॉर्म-8 भरवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुनवाई हेतु उपस्थित अनमैप्ड मतदाताओं से वार्ता कर उनकी समस्याएं भी जानीं। इस अवसर पर ईआरओ, एईआरओ, सुपरवाइजर, बीएलओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



