गाजीपुर : गाजीपुर में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आज, एक सप्ताह तक होगा निरीक्षण

गाजीपुर में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आज, एक सप्ताह तक होगा निरीक्षण
जिलाधिकारी ने दी जानकारी, सभी विधानसभा क्षेत्रों में उपलब्ध रहेगी सूची
गाजीपुर, 10 अप्रैल 2026
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने जनपदवासियों को सूचित किया है कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर तैयार की गई निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को किया गया है।
यह मतदाता सूची जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—373 जखनियां (अजा), 374 सैदपुर (अजा), 375 गाजीपुर, 376 जंगीपुर, 377 जहूराबाद, 378 मोहम्मदाबाद एवं 379 जमानियां—में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों तथा पदाभिहित स्थलों पर उपलब्ध रहेगी।अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन कार्यालय एवं सभी मतदेय स्थलों पर एक सप्ताह तक आमजन के निरीक्षण हेतु रखी जाएगी। कोई भी मतदाता संबंधित स्थानों पर जाकर अपने या अपने परिजनों के नाम की जांच कर सकता है।इसके अतिरिक्त नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी जिला निर्वाचन अधिकारी, गाजीपुर की आधिकारिक वेबसाइट तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट पर जाकर मतदाता सूची का अवलोकन कर सकते हैं।प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपने नामों का सत्यापन अवश्य कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।



