गाजीपुर : गाजीपुर में बैंकिंग प्रगति समीक्षा बैठक सम्पन्न, ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने पर जोर

गाजीपुर में बैंकिंग प्रगति समीक्षा बैठक सम्पन्न, ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने पर जोर

गाजीपुर, 20 मार्च 2026। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में तिमाही डीसीसी/डीएलआरसी तथा विशेष जिला सलाहकार उपसमिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, आरबीआई के अग्रणी जिला अधिकारी अमित गुप्ता, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार सहित सभी बैंक समन्वयक और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में दिसंबर 2025 तक की प्रगति की समीक्षा की गई। जिले का ऋण-जमा अनुपात मार्च 2025 के 39.85 प्रतिशत से बढ़कर दिसंबर 2025 में 41.65 प्रतिशत हो गया। कुल जमा राशि 21,859 करोड़ रुपये और कुल अग्रिम 9,105 करोड़ रुपये रही। 1 अप्रैल 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक जमा में 975 करोड़ और अग्रिम में 781 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई।15 मार्च 2026 तक जिले का ऋण-जमा अनुपात बढ़कर 43.15 प्रतिशत पहुंच गया, जिसमें कुल जमा 22,162 करोड़ रुपये और अग्रिम 9,562 करोड़ रुपये रहा। वार्षिक साख योजना 2025-26 के तहत 7,054 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 6,167.67 करोड़ रुपये (88 प्रतिशत) की उपलब्धि हासिल हुई।स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) सीसीएल लिंकेज में 2,900 के लक्ष्य के मुकाबले 3,424 समूहों को लाभ मिला। ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना में 9 के लक्ष्य के सापेक्ष 13 खातों को ऋण वितरित किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में 1,750 के लक्ष्य के सापेक्ष 1,658 आवेदनों को स्वीकृति मिली।फसल बीमा के तहत 87,838 किसान क्रेडिट कार्ड खातों को कवर किया गया। वहीं किसान क्रेडिट कार्ड योजना में 79,958 के लक्ष्य के मुकाबले 1,72,919 खातों में 2,363.86 करोड़ रुपये का वितरण किया गया।
जिलाधिकारी ने बैंकों को निर्देश दिया कि ऋण-जमा अनुपात को 50 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए ऋण प्रवाह बढ़ाया जाए और सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। साथ ही फसल बीमा और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में लक्ष्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।अग्रणी जिला प्रबंधक ने भरोसा दिलाया कि सभी बैंक मिलकर निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करेंगे।



