गाजीपुर : गाजीपुर में घरेलू गैस आपूर्ति सामान्य, अनियमितता पर एजेंसी को नोटिस

गाजीपुर में घरेलू गैस आपूर्ति सामान्य, अनियमितता पर एजेंसी को नोटिस

गाजीपुर, 20 मार्च 2026। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति की स्थिति सामान्य बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 मार्च 2026 को जनपद में कुल 27,509 घरेलू गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। वहीं 19 मार्च 2026 को 9,606 सिलेंडर की बिक्री और 10,581 सिलेंडर की बुकिंग दर्ज की गई। तुलना में 19 मार्च 2025 को 11,955 सिलेंडर की बिक्री और 11,877 की बुकिंग हुई थी।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायत के आधार पर पारा स्थित एक इंडेन ग्रामीण वितरक एजेंसी द्वारा गैस बुकिंग का डीएसी कोड लेकर बिना डिलीवरी के ही ऑनलाइन डिलीवरी दिखाने का मामला सामने आया है। यह कृत्य द्रविकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय वितरण विनियमन) आदेश-2000 के विरुद्ध पाया गया, जिसके चलते संबंधित एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
आपूर्ति विभाग की टीमों द्वारा विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया, जिसमें अधिकांश स्थानों पर स्थिति सामान्य पाई गई और भीड़-भाड़ नहीं रही। हालांकि कुछ एजेंसियों—रशीदा गैस एजेंसी (हरिबल्लमपुर), रामजी इंडेन गैस एजेंसी (सैदपुर), बंशीधर इंडेन गैस (जखनियां) और जंगीपुर इंडेन (जंगीपुर)—पर बैकलॉग अधिक पाया गया है, जिसे अतिरिक्त आपूर्ति के माध्यम से जल्द सामान्य किया जाएगा।
गैस बुकिंग में सुविधा के लिए ऑयल कंपनियों द्वारा ऑनलाइन के साथ व्हाट्सऐप बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इंडेन, एचपी गैस और भारत गैस के उपभोक्ता निर्धारित व्हाट्सऐप नंबरों पर संदेश भेजकर आसानी से सिलेंडर बुक कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन बाद रीफिल बुकिंग की सुविधा है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ता घर बैठे ही गैस बुकिंग और ई-केवाईसी कर सकते हैं, इसके लिए एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए उपभोक्ता ऑयल कंपनियों के टोल फ्री नंबर 1800-2333-555 या जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 0548-2224041 पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आपूर्ति विभाग गैस की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।



