गाजीपुर : गाजीपुर में घरेलू गैस की कमी की अफवाहों पर प्रशासन का स्पष्टीकरण, सभी एजेंसियों पर पर्याप्त भंडार

गाजीपुर में घरेलू गैस की कमी की अफवाहों पर प्रशासन का स्पष्टीकरण, सभी एजेंसियों पर पर्याप्त भंडार

गाजीपुर, 10 मार्च 2026 –अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर विभिन्न संचार माध्यमों पर पेट्रोलियम पदार्थों और घरेलू गैस की आपूर्ति में कमी की आशंका जताई जा रही है, जिससे आमजन में अनावश्यक भय का माहौल बन रहा है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद गाजीपुर में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद की सभी 66 गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। वास्तविक उपभोक्ताओं को ओटीपी के माध्यम से नियमित रूप से गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा पेट्रोलियम पदार्थों की मांग और आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में भी इस वर्ष चालू माह में आपूर्ति और वितरण में कोई विशेष अंतर नहीं है।जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी पेट्रोल पंप स्वामियों और गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की आपूर्ति नियमानुसार सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी कहा गया है कि किसी भी स्थिति में गैस एजेंसी या पेट्रोल पंप द्वारा बिना कारण आपूर्ति न रोकी जाए और न ही किसी प्रकार का अवैध भंडारण किया जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी व्यक्ति को पेट्रोल या डीजल की थोक/बल्क आपूर्ति न की जाए तथा घरेलू गैस का वितरण केवल संबंधित उपभोक्ता को ही नियमों के अनुसार किया जाए। सभी विक्रय अधिकारी पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर कड़ी नजर रखें, ताकि कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति न उत्पन्न हो।जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति या फर्म द्वारा पेट्रोल, डीजल या घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण अथवा अवैध बिक्री करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूर्ति निरीक्षक और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगे।



