गाजीपुर : करंडा दिनदहाड़े गोलीकांड में पुलिस की ताबड़तोड़ एक्शन, तीन गए सलाखों के पीछे

गाजीपुर
करंडा दिनदहाड़े गोलीकांड में पुलिस की ताबड़तोड़ एक्शन, तीन गए सलाखों के पीछे
12 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी को पुलिस ने लिया हिरासत में, एसओ की सक्रियता की चर्चा
गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के चांडीपुर गांव में बीते रविवार की सुबह दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज गोलीकांड के मामले में करंडा पुलिस ने तेजी और सख्ती का परिचय देते हुए बड़ी कार्रवाई की है। तेजतर्रार थानाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी को घटना के महज बारह घंटे के भीतर ही दबोचकर सलाखों के पीछे भेज दिया था। इतना ही नहीं, आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर ली गई थी। आज तीन आरोपियों को गिरफतार कर पुलिस सलाखों के पीछे भेज दी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में चर्चा का माहौल है और लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना की है। गौरतलब है कि रविवार की सुबह करीब 55 वर्षीय आस मुहम्मद को गांव के ही युवक ने गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि होली के दिन हुए पुराने विवाद ने ही इस खूनी वारदात का रूप ले लिया।
घटना के बाद करंडा थाना पुलिस हरकत में आ गई। तेजतर्रार थानाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने टीम के साथ लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चलाया। इसी क्रम में बेलसड़ी मोड़ के पास गंगा नदी पुलिया पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पहले मुख्य आरोपी पिंकल पांडेय उर्फ अमन पांडेय (24 वर्ष) पुत्र अरविंद पांडेय उर्फ गुड्डू पांडेय निवासी ग्राम चाड़ीपुर थाना करंडा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली।
इसके बाद पुलिस ने इसी मुकदमे से जुड़े तीन अन्य वांछित अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनमें सूर्यांश पांडेय उर्फ गोलू उर्फ बाठा (28 वर्ष) पुत्र अरविंद पांडेय उर्फ गुड्डू पांडेय निवासी ग्राम चाड़ीपुर थाना करंडा, विनीत पांडेय उर्फ हनुमान जी उर्फ मानजी (करीब 19 वर्ष) पुत्र अखिलेश पांडेय निवासी ग्राम चाड़ीपुर थाना करंडा तथा अंकित तिवारी उर्फ गोल्डन तिवारी (करीब 21 वर्ष) पुत्र सतीश तिवारी निवासी ग्राम सक्का थाना मरदह को पुलिस ने दबोच लिया।
इस मामले में करंडा थाने में मु0अ0सं0 32/2026 के तहत धारा 190, 191(2), 103(2), 352 बीएनएस तथा धारा 30 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूरे घटनाक्रम में एसओ अशोक कुमार गुप्ता की सक्रियता और सख्त रणनीति साफ दिखाई दी। लगातार दबिश, मुखबिर तंत्र की सक्रियता और तेज कार्रवाई के चलते पुलिस ने कुछ ही समय में मुख्य आरोपी सहित सभी वांछित अभियुक्तों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सख्ती का संदेश भी साफ तौर पर गया है।



