Breaking Newsभारत

खलीलाबाद कोतवाल पंकज पांडेय निलंबित, एडीजी जांच में लापरवाही उजागर

खलीलाबाद कोतवाल पंकज पांडेय निलंबित, एडीजी जांच में लापरवाही उजागर

संतकबीरनगर। एडीजी जोन गोरखपुर की जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पांडेय को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने की है। आरोप है कि हाईकोर्ट से जुड़े मामलों की विवेचना के दौरान लापरवाही बरती गई और अभियोजन को कमजोर करने का प्रयास किया गया।

एसपी ने बताया कि मामला बस्ती जनपद के थाना पैकोलिया में वर्ष 2018 एवं 2021 में दर्ज दो अलग-अलग मुकदमों से जुड़ा है। उस समय पंकज कुमार पांडेय पैकोलिया के थानाध्यक्ष थे, जबकि मुकदमों की विवेचना उप निरीक्षक अरविंद कुमार द्वारा की जा रही थी, जो वर्तमान में सिद्धार्थनगर जनपद में तैनात हैं।
इन मामलों को लेकर शिव कुमार हैबियस कॉर्पस बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य के नाम से उच्च न्यायालय में रिट याचिका दाखिल की गई थी। हाईकोर्ट के आदेश पर प्रकरण की जांच एडीजी जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन द्वारा कराई गई। जांच में सामने आया कि विवेचना के दौरान न्यायालय के निर्देशों का समुचित अनुपालन नहीं किया गया तथा अभियुक्तों के पक्ष में कार्य करते हुए मामले की गंभीरता को कम करने का प्रयास किया गया।

एडीजी की रिपोर्ट में तत्कालीन थानाध्यक्ष पंकज कुमार पांडेय एवं तत्कालीन विवेचक एसआई अरविंद कुमार को दोषी मानते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई। रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए पंकज कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में इंस्पेक्टर पंकज कुमार पांडेय को पुलिस लाइन संतकबीरनगर से संबद्ध किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय छोड़ने तथा किसी अन्य सेवा या व्यवसाय में संलग्न होने पर रोक लगाई गई है। मामले में विभागीय जांच जारी है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button