खजनी, गोरखपुर होली के रंग हुए खून से लाल: कलयुगी पति ने फावड़े से पत्नी की निर्मम हत्या, बच्चों के सामने उजड़ गया घर

खजनी, गोरखपुर होली के रंग हुए खून से लाल: कलयुगी पति ने फावड़े से पत्नी की निर्मम हत्या, बच्चों के सामने उजड़ गया घर
गोरखपुर। होली के रंग और खुशियों के बीच खजनी थाना क्षेत्र के ग्राम धाधुपार टोला डड़वा में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कलयुगी पति अशोक निषाद ने अपनी पत्नी नीलम की फावड़े से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। होली के दिन हुई इस सनसनीखेज घटना से पूरे गांव में मातम छा गया और इलाके में दहशत व सन्नाटा फैल गया।
जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच काफी समय से घरेलू कलह चल रही थी। इसी विवाद ने मंगलवार को खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में आगबबूला अशोक निषाद ने फावड़ा उठाकर पत्नी नीलम पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना सबसे पहले मृतका के बच्चों को हुई। बताया जा रहा है कि सृष्टि निषाद (14 वर्ष) और सूरज निषाद (16 वर्ष) ने मां को लहूलुहान हालत में देखा तो चीख-पुकार मच गई। इसके बाद परिवार के लोगों को सूचना दी गई। मृतका के पिता को उनके नाती ने फोन कर बताया कि “पापा ने मम्मी की हत्या कर दी है।”
सूचना मिलते ही खजनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति अशोक निषाद को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में होली की खुशियां मातम में बदल गईं। जहां एक ओर लोग रंग-गुलाल से होली खेलने की तैयारी कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर इस वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, परिवार में अक्सर विवाद होता था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतनी भयावह घटना में बदल जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। वहीं मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।



