कारोबार में निवेश के नाम पर इंजीनियर से 90 लाख रुपये ठगे, हाथ में थमाए नकली जेवर; बोले- सबकुछ चला गया

कारोबार में निवेश के नाम पर इंजीनियर से 90 लाख रुपये ठगे, हाथ में थमाए नकली जेवर; बोले- सबकुछ चला गया
लखनऊ में निवेश के नाम पर सेवानिवृत्त इंजीनियर से 90 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने सराफा कारोबार में हिस्सेदारी का झांसा देकर नकली जेवर थमा दिए। वहीं साइबर ठगों ने फेसबुक आईडी हैक कर युवक से 1.85 लाख रुपये ऐंठ लिए। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू।
लखनऊ में बीबीडी के अनौरा कला गांव निवासी सेवानिवृत्त सरकारी इंजीनियर 67 वर्षीय राजेंद्र कुमार सिंह ने पीजीआई के तेलीबाग में रहने वाले अरविंद तिवारी व उसके परिवार पर चार लोगों पर ठगी का आरोप लगाया है। आरोपियों पर सराफ के कारोबार में निवेश करने के नाम पर 90 लाख रुपये ठगने का आरोप है। बीबीडी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
राजेंद्र का कहना है कि अक्तूबर 2024 को वह आईसीआईसी बैंक शाखा कठौता में गोल्ड लोन लेने गए थे। यहां उनकी मुलाकात अरविंद से हुई थी। उसने उनसे कहा कि उसका पारिवारिक आभूषणों का व्यापार है। अगर वह भी निवेश करें तो अच्छा मुनाफा होगा। बातों में आने पर पीड़ित ने 20 लाख रुपये अरविंद को दे दिए।
पीड़ित के घर आना जाना शुरू हो गया
धीरे-धीरे उसका, उसके पिता राजकेसर, उसकी पत्नी कंचन व बेटे यश का पीड़ित के घर आना जाना शुरू हो गया। एक दिन आरोपी ने कहा कि वह सुशांत गोल्फ सिटी स्थित अर्जुनगंज में सराफ की दुकान खोलना चाहता है। निवेश कर पर वह उन्हें भी हिस्सेदार बना लेगा। ऐसे में राजेंद्र एक बार और झांसे में आ गए। उन्होंने बेटे सर्वजीत के नाम पर 70 लाख का लोन लिया और अरविंद को दे दिया। पीड़ित ने बताया कि रकम के बदले आरोपी ने उनके पास सुरक्षा के तौर पर सोने के गहने गिरवी रखे थे। मगर न तो पीड़ित को मुनाफा मिला और न निवेश की गई रकम। आरोपी ने पीड़ित की कॉल और मेसेज का जवाब तक देना छोड़ दिया। राजेंद्र का कहना कि जब वह अरविंद की दुकान पहुंचे तो उन्हें वहां राजकेसर मिले। पूछताछ करने पर आरोपी ने अरविंद का दुकान से कोई लेना-देना नहीं होने की बात कह वहां से उन्हें भगा दिया। ऐसे में आरोपी ने जो जेवर पीड़ित को गिरवी रखे थे जब वह उसे बेचने गए तो पता चला कि सभी नकली हैं। परेशान होकर राजेंद्र ने बीबीडी पुलिस से शिकायत। इंस्पेक्टर राम सिंह के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर अरविंद, राजकेसर, कंचन और यश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



