ईसानगर, लखीमपुर खीरी : दर्दनाक हादसा,करीब 20 घंटे बाद बरामद हुए दो अन्य किशोरों के शव

दर्दनाक हादसा : करीब 20 घंटे बाद बरामद हुए दो अन्य किशोरों के शव
शुक्रवार को दोपहर बाद शारदा नदी में नहाने गए चार किशोर डूबे
दो शव शुक्रवार को हो गए थे बरामद, दो की तलाश में चलाया जा रहा था सर्च अभियान
(अनुपम मिश्रा)
ईसानगर, लखीमपुर खीरी।थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया था, ईसानगर थाना क्षेत्र से चार किशोर भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में सीतापुर क्षेत्र अंतर्गत स्थित निर्माणाधीन डेबर घाट पुल के करीब पहुंच गए और नदी में नहाने लगे। इसी दौरान नहाने गए चारों बच्चे गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही लोगों में सनसनी फैल गई। हृदयविदारक घटना को जिसने भी सुना, स्तब्ध रह गया।मौके पर परिजनों सहित बड़ी संख्या में आस पास के ग्रामीण भी फौरन घटना स्थल पहुंच गए। घटना की जानकारी पाते ही ईसानगर पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों द्वारा तलाश करवाई गई, इस दौरान दो बच्चों के शव को स्थानीय गोताखोरों द्वारा ढूंढ लिया गया। देर शाम तक दो अन्य की तलाश की जा रही थी, लम्बे समय तक चले सर्च अभियान के करीब 20 घंटे बाद शनिवार को बचे दो किशोरों के शवों को भी ढूंढ निकाला गया है।
थाना ईसानगर क्षेत्र के हसनपुर कटौली निवासी अविनाश (14)पुत्र विनोद शुक्ला,देवांश(15) पुत्र दीपक दीक्षित,उत्कर्ष(14) पुत्र मनोज मिश्रा, राहुल(14) पुत्र गौतम शुक्ला शुक्रवार को दोपहर बाद थाना क्षेत्र स्थित शारदा नदी के डेबर घाट पर स्नान करने गए हुए थे। स्नान करते वक्त चारों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों के साथ ईसानगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू करवाई, इस दौरान अविनाश और उत्कर्ष के शवों को बरामद कर लिया गया। लेकिन दो बच्चों की बरामदगी नहीं हो सकी।देवांश और राहुल की तलाश में सर्च अभियान सघन रूप से जारी था। सर्च ऑपरेशन के दौरान उप जिलाधिकारी धौरहरा राजेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी धौरहरा शमसेर बहादुर सिंह, तहसीलदार आदित्य विशाल, थानाध्यक्ष ईसानगर देवेंद्र गंगवार , धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी समेत ईसानगर व तंबौर थाने की पुलिस मौके पर मौजूद रही।
घटना स्थल सीतापुर जनपद के ग्राम अकबरपुर, तहसील लहरपुर अंतर्गत आता है , शुक्रवार को बरामद दोनों शवों को पीएम के लिए सीतापुर जिला मुख्यालय भेज दिया गया था । बचे दो अन्य किशोरों को ढूंढ निकालने के लिए सर्च ऑपरेशन को और तेज़ गति देने के लिए फ्लड पीएसी की टीम तैनात की गई थी। शनिवार की सुबह 6 बजे से पुनः रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, करीब 20 घंटे बाद सर्च अभियान में सफलता मिली। फ्लड पीएसी और स्थानीय गोताखोरों ने देवांश(15) पुत्र दीपक दीक्षित और राहुल(14) पुत्र गौतम शुक्ला निवासी हसनपुर कटौली दोनों के शवों को ढूंढ निकाला गया। कस्बा कटौली में एक साथ चार किशोरों की मौत से समूचे कस्बे का माहौल गमगीन है , परिजनों की चीखपुकार सुन हर कोई व्यथित है।