आजमगढ़ : संस्कृत के प्रकाण्ड विद्वान पंडित सहदेव पाण्डेय अनन्त यात्रा पर…

आजमगढ़ : संस्कृत के प्रकाण्ड विद्वान पंडित सहदेव पाण्डेय अनन्त यात्रा पर…
संवाददाता संतोष पाण्डेय इंडिया नाउ 24 ब्यूरो की खास रिपोर्ट
आज़मगढ़ के चक्रपानपुर (एकौना) ग्राम के निवासी व महापंडित राहुल सांकृत्यायन शिक्षण संस्थान समिति कनैला, आज़मगढ़ के अध्यक्ष रहे 96 वर्षीय संस्कृत व हिन्दी के प्रकाण्ड विद्वान पंडित सहदेव पाण्डेय ने 28 दिसम्बर की रात 11:30 बजे अपनी अन्तिम श्वास के साथ ही इस संसार को अलविदा कह दिया…
जिस प्रकार वाल्मीकि के रामायण के बाद अवधी में तुलसीदास ने रामचरित मानस लिखा, उसी तरह वेदव्यास के श्रीमद्भागवत पुराण को भोजपुरी में दोहा, सोरठा, चौपाई आदि छन्दों में कृष्णायन (भाग-1 व 2) नामक महाकाव्य के रचयिता रहे पंडित सहदेव पाण्डेय (सांकृत्यायन) दर्जनों पुस्तकों के लेखक भी रहे हैं। आज पंडित सहदेव पाण्डेय के निधन से एक अपूर्णनीय क्षति कारित हुई है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम बड़ौरा बुजुर्ग स्थित परिषदीय विद्यालय से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने कुछ वर्षों तक सीमित संसाधनों में संचालित महापंडित राहुल सांकृत्यायन बालिका इण्टर कालेज कनैला, आज़मगढ़ की बालिकाओं को निःशुल्क पढ़ाया और समय-समय विद्यालय की आर्थिक सहायता भी करते थे। श्री सहदेव पाण्डेय जी के आकस्मिक निधन पर महापंडित राहुल सांकृत्यायन बालिका इण्टर कालेज कनैला, आज़मगढ़ की बालिकाओं और विद्यालय परिवार ने उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए दो मिनट का मौन धारण कर विनम्र श्रद्धांजलि दिया और शोक में दो दिन का अवकाश घोषित किया है।



