अफवाह से बिगड़ी व्यवस्था: अयोध्या में पेट्रोल-डीजल खत्म का नोटिस चस्पा, अवध क्षेत्र में पंपों पर जबरदस्त भीड़

अफवाह से बिगड़ी व्यवस्था: अयोध्या में पेट्रोल-डीजल खत्म का नोटिस चस्पा, अवध क्षेत्र में पंपों पर जबरदस्त भीड़
उत्तर प्रदेश के अयोध्या, अंबेडकरनगर और बलरामपुर समेत अवध क्षेत्र में अफवाह के चलते पेट्रोल-डीजल के लिए पंपों पर भीड़ उमड़ रही है। हालात यहां तक पैदा हो गए कि अयोध्या में पेट्रोल-डीजल खत्म के नोटिस चस्पा करने पड़े। मंगलवार को आधी रात तक और बुधवार को फिर सुबह से उमड़ी भीड़ के चलते कई जगहों पर पुलिस तैनात करनी पड़ी।
अयोध्या में अफवाहों के बीच जिले में पेट्रोल-डीजल का संकट अब खुलकर सड़कों पर दिखने लगा है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म के नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं, जबकि जहां आपूर्ति हो रही है वहां भी 100 रुपये तक की सीमा तय कर दी गई है। ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था ठप होने से उपभोक्ताओं को केवल नकद में ईंधन मिल रहा है, जिससे परेशानी कई गुना बढ़ गई है।हालात यह हैं कि अब लोग गैस सिलिंडर लेने के बाद पेट्रोल के लिए भी लाइन में लगने को मजबूर हैं। बुधवार तड़के सुबह 5.00 बजे से ही शहर के पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। घंटों इंतजार के बाद भी पेट्रोल न मिलने से लोग मजबूरी में खाली हाथ वापस लौट गए। कई स्थानों पर सुबह आठ बजे के बाद ही आपूर्ति शुरू हो सकी
देवकाली बाईपास स्थित पेट्रोल पंप पर एक महिला गैस सिलिंडर के साथ ही पेट्रोल के लिए लाइन में लगी रही। महोबारा ओवरब्रिज के पास स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल खत्म होने का नोटिस लगा मिला, जबकि अयोध्याधाम में बन रहे बस स्टैंड के पास स्थित जय सर्विस स्टेशन पर पेट्रोल और डीजल दोनों खत्म होने का बोर्ड टंगासंकट के बीच कालाबाजारी भी तेज हो गई है। शहर में पेट्रोल 200 रुपये प्रति लीटर तक ब्लैक में बिकने की शिकायतें सामने आ रही हैं। गुरुनानक कॉलोनी निवासी अमर बहादुर ने बताया कि मंगलवार रात को 200 रुपये देकर एक लीटर पेट्रोल लेना पड़ा। बुधवार सुबह छह बजे से कई पंपों के चक्कर लगा चुका हूं, लेकिन कहीं पेट्रोल नहीं मिला।
वहीं दर्शन नगर में अवध स्कूल के सामने स्थिति पेट्रोल पंप पर तेल लेने पहुंचे नीरज कुमार ने बताया कि सुबह छह बजे से लाइन में खड़े हैं लेकिन आठ बजे तक पेट्रोल नहीं मिला। अब मजबूरी में बिना तेल लिए लौटना पड़ रह है। शहर ही नहीं, ग्रामीण इलाकों में भी हालात बदतर हैं। कई गांवों के पेट्रोल पंप पूरी तरह सूख चुके हैं, जिससे खेती-किसानी और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।स्थिति को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन को रातभर गश्त करनी पड़ी। कई संवेदनशील पंपों पर बैरिकेडिंग की गई और पुलिस की निगरानी में लोगों को लाइन में लगाया गया। इसके बावजूद कुछ जगहों पर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच झड़प की घटनाएं भी सामने आईं।
अफवाहों से बढ़ी पेट्रोल-डीजल की मांग
अयोध्या में रसोई गैस के बाद पेट्रोल-डीजल को लेकर चल रही अफवाहों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पेट्रोल पंपों पर देर रात से ही लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को देखते हुए कई पंपों पर पुलिस तैनात की गई है। लोग कतारबद्ध होकर पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं।बुधवार सुबह से ही पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए लोगों की कतार लग गई। साहबगंज निवासी चालक अर्जुन यादव, देवकाली के तुषार और रीडगंज के योगेश ने बताया कि अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। इससे भीड़ बढ़ रही है।



