Breaking Newsभारत

लखनऊ _मौत के बाद भी नहीं चेता नगर निगम, जगह-जगह यमराज की तरह मुंह खोले खड़े हैं नाले

लखनऊ _मौत के बाद भी नहीं चेता नगर निगम, जगह-जगह यमराज की तरह मुंह खोले खड़े हैं नाले

लखनऊ में कई इलाकों में नाले खुले हैं, जो लोगों के लिए खतरा बन रहे हैं। नगर निगम ने ठाकुरगंज हादसे के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया। मिल रोड और हरी नगर के नाले में स्थिति गंभीर है। पार्षदों ने शिकायत की,…

कई इलाकों मे आज भी नाले बीच सड़क पर खुले हुए हैं। ये इतने खतरनाक हैं कि इनमें ज़रा सी चूक होने पर आदमी क्या, पूरी-की-पूरी गाड़ियाँ भी समा जाएँ। उम्मीद की जा रही थी कि नगर निगम ठाकुरगंज हादसे के बाद चेत जाएगा और कुछ काम शुरू करेगा, लेकिन नगर निगम और उसके अधिकारियों पर इस घटना का कोई खास असर नहीं हुआ। भले ही एक परिवार का सहारा छिन गया, लेकिन भविष्य में किसी और के बेटे-बेटी के सिर से उसके पिता का साया न उठे इसके लिए भी नगर निगम काम नहीं कर रहा है।

बच्चों-बुजुर्गों की ले सकता है जान भवानीगंज वार्ड की मिल रोड नाले की स्थिति बेहद खराब है। यह नाला कई जगहों पर बीच सड़क पर खुला हुआ है। पत्थर टूट चुका है, लेकिन नगर निगम ने आज तक नया पत्थर नहीं लगाया है। क्षेत्रीय पार्षद रीता राय और उनके पति व पूर्व पार्षद संतोष कुमार राय ने नगर निगम में सुनवाई न होने पर 3 जुलाई 2025 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिकायत की थी। उनके पत्र के बाद सांसद प्रतिनिधि डॉ. राघवेंद्र शुक्ला ने 5 जुलाई 2025 को नगर आयुक्त को पत्र लिखकर नाले के ऊपर टूटे पत्थर को हटाकर उसकी जगह दूसरा पत्थर लगवाने को कहा था। लेकिन आज तक नया पत्थर नहीं लगाया गया। यह नाला तेल मिल रोड से होते हुए लकड़मंडी, गिरधारी सिंह स्कूल तक जाता है। पत्थर टूटे होने से लोग इसमें मलबा भी डालते हैं। पार्षद ने अपने पत्र में साफ लिखा कि इसमें कई बार जानवर गिर चुके हैं, बच्चियां भी गिरी हैं। यह नाला काफी गहरा है, भविष्य में बड़ी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। लेकिन नगर निगम के अधिकारियों ने बिल्कुल ध्यान नहीं दिया। पूर्व पार्षद संतोष कुमार राय ने कहा कि वह नगर आयुक्त से कई बार कह चुके हैं। अब वह फोन नहीं उठाते हैं। जिसकी वजह से उन्हें रक्षा मंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह से शिकायत करनी पड़ी। लेकिन उस शिकायत का भी नगर निगम के अधिकारियों पर कोई असर नहीं हुआ। — 25 दिन पहले गिरी हरी नगर नाले की दीवार, कोई देखने तक नहीं गया बालागंज वार्ड के हरी नगर के नाले की दीवार 25 दिन पहले गिर गई थी। करीब 20 मीटर लंबी दीवार सड़क के किनारे से गिर चुकी है, जिससे यह जगह काफी खतरनाक हो गया है। इस नाले में कभी भी कोई गाड़ी गिर सकती है। रात में अंधेरा होने के कारण बिल्कुल भी दिखाई नहीं देता कि किनारे दीवार नहीं है। बारिश होने पर नाला भर भरा कर सड़क पर आ जाता है, जिससे यह और खतरनाक हो जाता है। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती कमलेश पटेल तथा पूर्व पार्षद पंकज पटेल ने बताया कि इस नाले के संबंध में नगर निगम के अधिकारियों को कई बार जानकारी दी गई, लेकिन आज तक कोई देखने तक नहीं आया। कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। लोगों ने बताया कि नाले और सड़क का कोई अंतर ही नहीं पता चलता है, क्योंकि सड़क पर दो फीट से ज्यादा पानी भर जाता है। इसका बहाव इतना तेज होता है कि गाड़ियाँ भी बहा ले जाता है। इसके अलावा बरुआ खंती, रस्तोगी नगर, गौशाला रोड, कुम्हारन टोला, बालागंज चौराहा से जल निगम रोड तक नाले की स्थिति भी बहुत खराब है। ये सब मौत को दावत दे रहे हैं। खुले पड़े हैं। — जानकीपुरम के अर्जुन पार्क नाला जानलेवा, तीन दिन पहले गिरी थी कार, अब भी नहीं बना जानकीपुरम थाने के पास अर्जुन पार्क के कोने पर नाले का पत्थर बहुत खतरनाक तरीके से टूटा हुआ है। पत्थर टूटने की वजह से बीच में काफी बड़ा होल हो गया है। वाहन बिल्कुल किनारे से सटकर निकलते हैं। ज़रा सी चूक होने पर गाड़ी इसके अंदर गिर सकती है। तीन दिन पहले इसी में कार गिरी थी।

स्थानीय निवासियों ने इसे किसी तरह निकाला था। बच्चे और बुजुर्गों के लिए भी यह नाला बहुत खतरनाक हो गया है। लेकिन आज तक पत्थर नहीं रखवाया गया। हादसे की आशंका बनी रहती है। पहले इस नाले पर बांस लगा दिया गया था, लेकिन अब वह भी हट गया है। -कमिश्नर ने खुद देखा था सरकटा नाला, उनके आदेश पर भी नगर निगम ने नहीं किया काम चौक के सरकटा नाले की स्थिति भी बहुत खराब है। इस नाले को करीब डेढ़ महीने पहले कमिश्नर डा. रोशन जैकब देखने गयी थी। स्थानीय पार्षद अनुराग मिश्रा ने इसकी टूटी दिवार दिखायी थी।

नाले की दिवार गिरने से यह खतरनाक हो गया है। मदरसा इरफानिया के बगल के पास में ही दिवार गिरी है। बड़ी कालीजी मंदिर जाने वाले मार्ग पर भी यह नाला कई जगह खतरनाक व क्षतिग्रस्त हो गया है। पार्षद अनुराग मिश्रा ने बताया कि कमिश्नर ने नगर आयुक्त को मौके ही इसकी दिवार बनवाने का निर्देश दिया था। लेकिन आज तक नगर निगम ने कुछ नहीं कराया। इससे यहां भी लोगों की जान जोखिम में है।

– प्रभातपुरम कालोनी में तीन जगह धंसी नाले की लाइन न्यू हैदरगंज द्वितीय वार्ड की प्रभातपुर में कालोनी में भी तीन जगहों पर रोड धंस गयी है। यहां भूमिगत नाला पड़ा है। कुछ जगहों पर सीवर है। यह धंस गयी है। काफी गहरा गड्ढा हो गया है। सड़क के लगभग बीच में है। लोगों ने इसमें खुद ही डंडे पर लाल कपड़ा टांग दिया है। ताकि लोग इसमें गिरकर चोटिल हो सकें। नगर निगम को इसकी जानकारी दी गयी। लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गयी। स्थानीय निवासी संजीव कुमार ने बताया कि आए दिन लोग इसमें गिर रहे हैं। कोई सुनवायी नहीं हो रही है। – हमने नगर आयुक्त को निर्देश दे रखा है। नालों को सही कराया जा रहा है। एक दो दिनों में असर दिखाई देगा। इसके लिए बजट भी जारी किया जाएगा। फिलहाल पार्षद अपने कोटे की रकम से भी इसे सही करा सकते हैं।  सुषमा खर्कवाल, महापौर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button